पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • रणजी ट्रॉफी : मप्र ने बंगाल को फालोऑन के लिए किया मजबूर

रणजी ट्रॉफी : मप्र ने बंगाल को फालोऑन के लिए किया मजबूर

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
इंदौर। मध्यप्रदेश के गेंदबाजों ने रणजी ट्रॉफी के ग्रुप ए के अपने आखिरी मुकाबले में बंगाल को फालोऑन के लिए मजबूर कर दिया। मप्र ने बंगाल की पहली पारी 219 पर समेट दी।
योगेश रावत ने 5, आवेश खान 3 और डेब्यू मैच खेल रहे अंकित कुशवाह ने 2 विकेट लिए। मप्र ने पहली पारी में 6 विकेट पर 514 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर पारी घोषित कर दी थी। पहली पारी के आधार पर 295 रनों से पिछड़े बंगाल दूसरी पारी में ठीक शुरुआत की और चार दिवसीय मैच के तीसरे दिन स्टंप्स तक 1 विकेट पर 111 रन बना लिए। अभिषेक दास 69 रन और सुदीप चटर्जी 7 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। अभिमन्यु ईश्वर 27 रन बनाकर पुनीत दाते के शिकार बने। हालांकि बंगाल के लिए खतरा अभी टला नहीं है। अभी भी वह पहली पारी के आधार पर 184 रन पीछे है जबकि उसके 9 विकेट सुरक्षित हैं। मप्र को पारी के अंतर से जीतने के लिए इस 184 रनों से पहले बंगाल की पारी को समेटना होगा।

होलकर स्टेडियम में बंगाल ने अपने कल के स्कोर 3 विकेट पर 108 रन से आगे खेलना शुरू किया और सुदीप चटर्जी (58) अपने स्कोर में बिना कोई बढ़ोत्तरी किए दिन के दूसरे ही ओवर में आउट हो गए। बंगाल के भरोसेमंद बल्लेबाज रिद्धिमान साहा संभलकर खेलते रहे और एक छोर संभाले रखा। लेकिन दूसरी तरफ से विकेटों का पतन नहीं रुका। कप्तान लक्ष्मीरतन शुक्ला (8), श्रीवत्स गोस्वामी (0) सस्ते में आउट हुए। साहा ने भी 73 गेंदों का सामना किया और 25 रन जोड़े। उन्हें आवेश खान ने रावत के हाथों कैच कराकर मप्र की बड़ी बाधा दूर कर दी। अमित बनर्जी (41*) ने अकेले संघर्ष किया और नाबाद रहे लेकिन पूरी टीम लंच के बाद 219 पर पैवेलियन लौट गई।

संक्षिप्त स्कोर : मप्र पहली पारी : 6 विकेट पर 514 रन, पारी घोषित, बंगाल पहली पारी : 77.1 ओवर में 219 रन (सुदीप चटर्जी 58, रिद्धिमान साहा 25, अमित बनर्जी 41*, वीर प्रताप सिंह 27, अशोक डिंडा 12 रन, योगेश रावत 5, अंकित कुशवाह 2, आवेश खान 3 विकेट), बंगाल दूसरी पारी : 39 ओवर में 1 विकेट पर 111 रन (अभिमन्यु ईश्वरन 27, अभिषेक दास 69*, सुदीप चटर्जी 7* रन, पुनीत दाते 1 विकेट).