इंदौर. गांधी नगर में रहने वाले एक युवक ने घर में ही फांसी लगाकर जान दे दी। परिवार के लोग बाहर गए थे। बहन घर पर अकेले कमरे में बैठी थी। उस वक्त युवक ने यह कदम उठा लिया।
एरोड्रम पुलिस के अनुसार मृतक २४ साल का भरत पिता उमराव सिंह सिसौदिया था। वह दो साल से मानसिक रूप से कमजोर हो गया था। रविवार रात को परिवार के लोग बाहर गए थे। एक बहन घर पर थी तो आगे वाले कमरे में बैठी थी। तभी भरत ने पीछे वाले कमरे में जाकर आत्महत्या कर ली। बहन उसे बुलाने पहुंची तो भरत फंदे पर झूलता मिला। भाई को देख वह बदहवास हो गई। सूचना पर परिवार के अन्य लोग पहुंचे और भरत को जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी। सोमवार दोपहर को पुलिस की मौजूदगी में उसका पोस्टमॉर्टम हो सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ताकि आत्महत्या का कारण सामने आ सके।