इंदौर. हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ में अब रोजाना दो जज फाइनल और मोशन सुनवाई करेंगे। मध्यप्रदेश हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस एएम खानविलकर ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। पहली सिंगलबेंच में जस्टिस शुभदा आर. वाघमारे और छठी सिंगलबेंच में जस्टिस जेके जैन रोजाना शाम चार बजे से बैठेंगे।
सप्ताहभर में दोनों सिंगलबेंच को कुल सौ मामलों की सुनवाई करना होगी। मंगलवार से इस सिस्टम पर काम शुरू हो जाएगा। चीफ जस्टिस ने तीनों बेंच के प्रशासनिक जज और जिला जज को बैठक के लिए बुलाया था। इसी तरह जबलपुर स्थित मुख्यपीठ में भी पांच-पांच बेंच गठित कर दी गई हैं। यह बेंच सुबह कोर्ट का समय शुरू होने के साथ ही फाइनल और मोशन सुनवाई करेंगी।
इधर, अधिवक्ता आनंद अग्रवाल ने चीफ जस्टिस को पत्र लिखा है। उन्होंने नई व्यवस्था पर फिर से विचार करने की मांग की है। उन्होंनें लिखा है कि नई व्यवस्था रिट पिटिशन, रिट अपील के नए आवेदन लंबित होंगे। पहले वाले सिस्टम को ही यथावत रखना चाहिए।