इंदौर. सीबीएसई (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड) की 12वीं बोर्ड की परीक्षा का पैटर्न बदल दिया गया है। अब परीक्षा में लंबे जवाब वाले प्रश्न ज्यादा पूछे जाएंगे। साथ ही यह भी तय किया गया है कि 2 से 3 अंकों वाले प्रश्नों की संख्या कम कर दी जाएगी। कुछ विषयों में कुल प्रश्नों की संख्या भी घटा दी गई है।
बोर्ड ने मॉडल पेपर वेबसाइट पर अपलोड भी किए हैं। कुछ स्कूलों ने प्री-बोर्ड परीक्षा भी इसी के हिसाब से आयोजित की है। हालांकि आदेश देरी से आने के कारण ज्यादातर स्कूल इसे प्री-बोर्ड में लागू नहीं कर पाए। अब छोटे प्रश्नों में एप्लीकेशन बेस्ड प्रश्न ज्यादा पूछे जाएंगे। अंग्रेजी, फिजिक्स जैसे विषयों के पैटर्न में मामूली बदलाव किया गया है।
इन विषयों के परचे में घटाए प्रश्न
- मैथ्स में अब 29 के बजाय 26 प्रश्न पूछे जाएंगे।
- अकाउंट विषय में अब आधे प्रश्न हॉट्स(कम से कम एक लाइन में जवाब दे सकें)होंगे।
- राजनैतिक शास्त्र विषय में अब 31 के बजाय 27 प्रश्न पूछे जाएंगे।
बदलाव को समझना छात्रों के लिए जरूरी
स्कूलों का कहना है कि बदलाव को समझना छात्रों के लिए बेहद जरूरी है। सहोदय ग्रुप के सदस्य और प्राचार्य संजय मिश्रा का कहना है कि छात्रों को वेबसाइट पर मॉडल पेपर जरूर देखना चाहिए। ताकि जो भी बदलाव हुआ है, उसे वे समझ सकें। बाकी स्कूलों में भी जानकारी दी जा रही है। फिलहाल 15 फरवरी तक स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षाएं ही चलेंगी।