इंदौर. वैष्णव मैनेजमेंट कॉलेज के विजय नगर स्थित कैंपस के विद्यार्थियों को गुमाश्तानगर कैंपस शिफ्ट करने के निर्णय के विरोध में मंगलवार को खूब हंगामा हुआ। छात्र इस बात पर अड़ गए कि उन्हें तो इसी कैंपस में पढ़ना है। 15 किमी दूर उस कैंपस में पढ़ने हम नहीं जाएंगे। छात्रों ने कॉलेज बंद करवा दिया औैर धरने पर बैठ गए। काफी देर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी़ भी हुई। फिर कुछ प्रोफेसरों ने विद्यार्थियों से बातचीत की। इस दौरान काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
संस्थान प्रबंधन क्लास रूम बंद कर एमबीए के सारे छात्रों को दूसरे कैंपस में शिफ्ट करने की तैयारी में था। बताते हैं कि दोनों कैंपस की लगभग आधी-आधी सीटें ही भर पाई थी। ऐसे में खर्चों में कटौती को लेकर संस्थान प्रबंधन ने यह कदम उठाया। इस पर छात्रों का कहना था कि हमने जिस कैंपस में प्रवेश लिया, उसी में पढ़ाई करेंगे। कई छात्रों का कहना था कि बाइक से इतना दूर ज्यादा संभव नहीं है। विजय नगर वाले कैंपस में ज्यादातर छात्र आसपास की 5 किमी कॉलोनियों के रहने वाले हैं।
प्रोफेसरों ने कहा- चेयरमेन से चर्चा कर लेंगे निर्णय
काफी देर हंगामे के बाद प्रबंधन की तरफ से कहा गया कि चेयरमेन और अन्य पदाधिकारियों के समक्ष पूरा मामला बताया जाएगा। उसके बाद ही यह तय होगा कि शिफ्टिंग की जाना है या नहीं। प्रबंधन ने विद्यार्थियों को आश्वासन दिया कि उनकी बात हर हाल में पदाधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी। तब जाकर छात्र माने। अब संभवत: एक-दो दिन में इस मामले पर पदाधिकारियों की बैठक होगी। उसमें तय होगा कि आगे क्या कदम उठाना पड़ेगा।