इंदौर। दिल्ली विधानसभा चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद आम आदमी पार्टी पर भी राजनीति का रंग चढ़ने लगा है। पार्टी की इंदौर इकाई ने मंगलवार शाम पहले पार्टी कार्यालय पर जीत का जश्न मनाया और फिर उच्च न्यायालय के निर्देशों का उल्लंघन कर प्रतिबंधित मार्ग एमजी रोड पर विजय जुलूस निकाल दिया।
जुलूस में बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक शामिल थे। ये लोग जीत के नारे लगाते हुए और देशभक्ति के गीत गाते चल रहे थे।
हाईकोर्ट ने लगाया है प्रतिबंध
उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ ने ये निर्देश जारी किए थे कि इंदौर के एम जी रोड पर २२ पारंपरिक आयोजनों के अलावा आम दिनों में कोई भी सामाजिक संस्था या राजनीतिक पार्टी जुलूस या रैली नहीं निकाल सकती। मगर आम आदमी पार्टी ने इसी मार्ग से विजय जुलूस निकाला। इसके लिए ना तो उसने कोर्ट से अनुमति ली और ना ही प्रशासन से।
थाना प्रभारी को दी थी सूचना
बिना कोर्ट और प्रशासन की अनुमति के रैली निकालने के सवाल पर आप के संभागीय सचिव डा. सुयोग झंवर ने कहा कि हमने थाने को जुलूस की सूचना दे दी थी। वे इस बात का जवाब नहीं दे पाए कि क्या आम आदमी पार्टी कोर्ट से भी ऊपर है ?
उचित कारवाई करेंगे
आप की मनमानी रैली को लेकर एडीएम सुधीर कोचर ने कहा कि एमजी रोड पर पारंपरिक आयोजनों के अलावा रैली या जुलूस की अनुमति देने का अधिकार सिर्फ कोर्ट को है। यदि किसी ने वहां रैली निकाली तो उसने कोर्ट की अवमानना की है। इस पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।