इंदौर. शहर में एक लाख रुपए से अधिक के ऐसे 169 बकायादारों के खिलाफ निगम ने बुधवार से बड़ा वसूली अभियान शुरू किया है। संभागायुक्त व निगम प्रशासक संजय दुबे के निर्देश पर निगम राजस्व विभाग ने ऐसे 15 दल बनाकर उन्हें वसूली के लिए कहा है। सुबह निगमायुक्त ने इनकी बैठक कर वसूली, जब्ती, कुर्की के लिए कहा है।
मंगलवार को दुबे ने निगम राजस्व वसूली की समीक्षा की थी। इसमें उपायुक्त अभय राजनगांवकर ने बताया कि 1 लाख से अधिक के 169 संपत्तिकरदाताओं को निगम द्वारा डिमांड नोट, नोटिस आदि की कार्रवाई की गई, लेकिन इन लोगों द्वारा बकाया राशि जमा नहीं की गई। इस पर दुबे ने कहा कि यदि बकायेदार राशि जमा नहीं कराते है तो, उनकी संपति पर ताला (सील) लगाने के कार्रवाई करें। साथ ही इस कार्रवाई की विडियोग्राफी भी करवाए।
समीक्षा में निगम की दुकानों का मुद्दा भी उठा। इन्हें लेकर भी कहा गया कि तीन माह से अधिक का जिन दुकानदारों का किराया बाकी है, उनसे भी वसूली करें और नहीं जमा करने पर दुकानों को सील किया जाए।
संभागायुक्त के निर्देश के बाद उपायुक्त, राजस्व ने विभाग के अमले को बुलाकर वसूली दल बनाए। प्रत्येक जोन में एआरओ और बिल कलेक्टर को सूची देते हुए बुधवार से ही बड़े पैमाने पर कार्रवाई के लिए कहा।