इंदौर. राजीव आवास विहार में रहने वाले एक ऑटो पार्ट्स व्यापारी की कार को बदमाशों ने जला दिया। रात में जलती कार के टॉयर फटे तो धमाके से रहवासियों की नींद खुली। तत्काल रहवासियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कार बुरी तरह जल गई।
घटना मंगलवार देर रात राजीव आवास विहार में रहने वाले सौरभ पिता राजेंद्र द्विवेदी (42) के यहां हुई। सौरभ ने बताया उनका यूनिवर्सल ऑटो गैरेज एवं पार्ट्स का व्यापार है। रात में वे घर में सो रहे थे तभी। अचानक धमाके के साथ कार के टॉयर फटे। खिड़की से झांककर देखा तो कार जल रही थी।
सौरभ ने बताया कार को इलाके में ही नाइट्रावेट और पावडर का नशा करने वाले बदमाशों ने आग लगाई है। उन्होंने बताया कि चुनाव में बीजेपी के लिए काम करने पर उन्हें इलाके में रहने वाले कुछ बदमाश युवकों ने धमकाया था और देख लेने का बोलकर चेतावनी दी थी।
सौरभ का आरोप है कि उनकी कार को पेट्रोल डालकर जलाया है। घटना को लेकर उन्होंने इलाके के बंटी, डम्पी, टोनू और शेखर नेपाली नामक कुछ युवकों पर शंका जताई है। वहीं मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।