इंदौर. नगीन नगर में क्लीनिक संचालित करने वाली महिला डॉक्टर के क्लीनिक से बदमाश पचास हजार रुपए ले उड़े। डॉक्टर रुपए क्लीनिक में रख डिलीवरी केस अटेंड करने पहुंची थी। वह लौटी तो उन्हें रुपए नहीं मिले। महिला ने थाने पर शिकायत दर्ज कराई है।
एरोड्रम पुलिस के अनुसार घटना नगीन नगर की है। यहां डॉ. प्रिया सोलंकी का कृष्णा क्लीनिक है। उन्होंने बताया एक्टिवा खरीदने के लिए उन्होंने रुपए निकाले थे। जो वे क्लीनिक पर लेकर आई थी। यहीं से वह गाड़ी खरीदने जाने वाली थी। तभी उन्हें डिलीवरी का केस अटेंड करने जाना पड़ा। जाने से पहले उन्होंने रुपए क्लीनिक में ही सुरक्षित रखे थे। जब वह लौटी तो रुपए नहीं दिखे। उन्होंने क्लीनिक में तलाश किया पर रुपयों का पता नहीं चला।
आसपास और स्टॉफ के लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। उन्होंने तीन लोगों पर शंका जाहिर की है।