इंदौर. हाई कोर्ट में मामला विचाराधीन होने के बावजूद आईआईटी प्रबंधन द्वारा सिमरोल में बनाई जा रही बाउंड्रीवाल के मामले में नोटिस जारी किए हैं। मंगलवार को वकीलों की हड़ताल थी, ग्रामीण खुद ही हाई कोर्ट में पैरवी करने पहुंच गए। कोर्ट को बताया कि बाउंड्रीवाल के खिलाफ याचिका पहले से विचाराधीन है। इसके बावजूद अधूरी बाउंड्रीवाल को पैक किया जा रहा है।
ग्रामीणों के वकील देवेंद्र पेंडसे, प्रहलाद ठाकुर के मुताबिक बुधवार को कोर्ट ने नोटिस जारी किए हैं। कोर्ट को फोटो के जरिए बताया कि किस तरह ग्रामीणों के घर, खेत के आगे दीवार खड़ी की जा रही है। रहवासियों का आने-जाने का रास्ता पूरी तरह से बंद कर दिया है। आने-जाने के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग भी तैयार नहीं किया गया है। खेतों के सामने 8 फीट ऊंची दीवार खड़ी होने से ना तो सिंचाई हो पा रही है ना ही बैल, ट्रैक्टर जुताई के लिए ले जा रहे हैं। करीब ढाई हजार लोगों का रास्ता बाउंड्रीवाल पूरी तरह से बन जाने पर बंद हो जाएगा।