इंदारै/नीमच। नीमच पुलिस ने सात साल से फरार चल रहे मादक पदार्थों के बड़े तस्कर गुड़िया उर्फ भीमसिंह को गिरफ्तार किया है। गुड़िया को पुलिस के अलावा सीबीआई भी तलाश कर रही थी।
हत्याकांड में भी है आरोपी
एसपी मनोज सिंह ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर विशेष दस्ते ने 15 हजार के इनामी बदमाश गुड़िया उर्फ भीम सिंह पिता गोमा निवासी रतनपुरिया को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने गुड़िया के पास से 29 किलो डोडा-चूरा भी बरामद किया। एसपी के अनुसार, गुड़िया की पुलिस के अलावा सीबीआई को भी तलाश थी। घनश्याम धाकड़ हत्याकांड मामले में भी गुड़िया आरोपी है। इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है और अब तक घनश्याम सीबीआई को भी चकमा दे रहा था।
आईजी ने घोषित किया था 15 हजार का इनाम
गुड़िया को 'अफीम पुल' का एक अहम हिस्सा माना जाता रहा है। काले सोने के इस अवैध धंधे में उसकी तूती बोलती है। अपने इसी नेटवर्क की वजह से वह अब तक पुलिस और सीबीआई को गच्चा देता रहा है। इस शातिर तस्कर पर मध्यप्रदेश के अलावा राजस्थान में भी कई मामले दर्ज हैं। उज्जैन रेंज के आईजी ने उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपए के इनाम का ऐलान किया था।