पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंइंदौर. साल भर से एडी चोटी का जोर लगाकर जिस लुटेरे को पुलिस नहीं पकड़ सकी उन्हें सुदामानगर के 5 दिलेर युवाओं ने 300 मीटर दौड़कर दबोच लिया। बदमाश का जो साथी हाथ आया उसने कबूला है कि वे महाराष्ट्र से इंदौर आकर वारदातें करते थे। इसके लिए वे सरवटे इलाके की निजी होटलों में ठहरते थे। पुलिस बदमाश के तीन फरार साथियो ंकी तलाश में जुट गई है।
अन्नपूर्णा टीआई नागेंद्र सिंह बैस ने बताया मंगलवार दोपहर करीब 2.15 बजे सुदामानगर डी सेक्टर में नासिक से भतीजी की शादी में शामिल होने आई मीना पति दिलीप डिडवानी (48) का घर के बाहर मंगलसूत्र लूट लिया गया था। इस घटना के बाद उसके भतीजे जयंत (23), सौरभ (20), रोहित बुले (20) और पड़ोसी स्वप्निल डफरिया (35) व कैतन रूनवाल (18) ने एक बदमाश की घेराबंदी कर उसे दबोच लिया था। बदमाशों के तीन साथी भागने में सफल रहे थे। उनकी तलाश की जा रही है। ये सभी बदमाश महाराष्ट्र (भुसावल) से इंदौर में वारदात के लिए आए थे। इनकी एक बाइक पुलिस को मिली है जो ओरंगाबाद की है। पुलिस की 2 टीमें बदमाशों की तलाश में लगी हैं। एक टीम भुसावल रवाना की है।
-ऐसा था घटनाक्रम
महिला मीना डिडवानी ने बताया वह तीन दिन पहले भतीजी सुरभि की शादी के लिए नासिक से इंदौर आई है। मंगलवार को घर के बाहर खेल रही बेटी वैष्णवी (3.5 वर्ष) को बुलाने गेट से निकली तो एक बाइक(एमएच 20 बीएम 1871) गली के मुहाने पर रूकी और युवक उतरकर पता पूछने आया। मीना ने जानकारी न होने का बोला तो उसने गले में पहना मंगल सूत्र झपट लिया। वह बाइक स्टार्ट कर खड़े अपने दूसरे साथी के साथ भागने लगा। घटना होते ही घर में खड़ी मीना की भाभी नलिनि बुले चिल्लाई। तो भतीजे बदमाश को पकडऩे के लिए दौड़े। भागने की हड़बड़ाहट में बाइक सवार बदमाश सड़क पर पड़े बड़े से पत्थर से टकरकर गिर गए। मंगल सूत्र लूटने वाला बदमाश दूसरी बाइक पर तैयार खड़े दो अन्य साथियों के साथ बैठकर भाग निकला। इधर गाड़ी से गिरे बदमाश की बाइक युवाओं ने पकड़ ली तो वह बाइक छोड़कर भागने लगा। करीब 300 मीटर दूर तक पीछा कर पांचों युवाओं ने लोगों की मदद से लुटेरे सादिक को पकड़ लिया।
-100 नंबर पर 5 बार फोन किए पर नहीं लगा
प्रत्यक्षदर्शी चेतन गर्ग ने बताया घटना देख 100 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना देनी चाही लेकिन 4 बार कॉल करने के बाद भी फोन नहीं लगा। 5 वीं बार में फोन उठा तो सामने वाले ने हैलो-हैलो बोलकर काट दिया। इधर बदमाश को पकड़कर लाए युवाओं ने उससे उसके साथियों की जानकारी जुटाई और फिर थाने के नंबर पर सूचना देकर पुलिस को बताया कि बदमाश के 3 साथी सरवटे बस स्टेंड के पास चंद्रलोक लॉज में ठहरे हैं। पुलिस ने तत्काल एक टीम लॉज में भेजी तो पता चला वे रूम छोड़कर भाग निकले। अब पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
-बेग में निकला तेल,कंघा और कपड़े
युवाओं ने बताया बदमाश से जब्त बेग में तेल, कंघा और कुछ टी-शर्ट थी। संभवत: वारदात के बाद ये कपड़े बदलकर गाडिय़ां भी अदला-बदली कर लेते थे। ताकि कोई इन्हें पकड़ नहीं पाए। पुलिस ने एक मोबाइल फोन, व दो आईडी कार्ड जब्त किए हैं जो बाइक मिली है वह ओरंगाबाद की रजिस्टर्ड है।
- फरार सााथियों की तलाश में जुटे हैं
युवाओं ने साहस दिखाकर बदमाश को पकड़ा है। पुलिस उनके तीन साथियों की तलाश में है। ये महाराष्ट्र से आकर होटल में ठहरे थे। इनकी तलाश की जा रही है। -अनिल सिंह कुशवाह, एसपी (पश्चिम)
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.