पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंइंदौर. देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी की पीजी(पोस्ट ग्रेजुएशन)पहले सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हो गई। शुक्रवार सुबह पीजी पहले सेमेस्टर की परीक्षा शुरू हुई। लगभग तीन माह देरी से परीक्षाएं हो रही है। इसकी तैयारी में भी यूनिवर्सिटी पिछड़ गई। इसके कारण छात्रों को खासी परेशानी हुई। नकल रोकने के लिए यूनिवर्सिटी ने पुराने ही उडऩदस्तों को मंजूरी दे दी थी। आज उसी दस्ते ने कार्रवाई शुरू की। पहले ही दिन एक नकलची हाथ आया लेकिन उस पर प्रकरण नहीं बनाया गया। वजह यह थी कि जो चिट उसकी टेबल के नीचे से पकड़ी गई, वह संबंधित परचे की नहीं थी।
इधर, यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने तय किया कि नकल रोकने के लिए उडऩदस्ते को रोजाना कम से कम 5 से 6 परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना होगा। यूनिवर्सिटी ने इसके लिए तैयारी आरंभ कर दी है। साथ ही उडऩदस्तों को निर्देश भी दे दिए हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. के.एन. चतुर्वेदी ने बताया कि परीक्षा शुरू होने के बाद अधिकारियों ने केंद्रों का राउंड भी लगाया। सारी व्यवस्थाएं देखी। नकल रोकने के लिए भी पुख्ता इंतजाम हैं।
एमबीए पहले सेमेस्टर की परीक्षाएं मार्च में : एमबीए पहले सेमेस्टर की परीक्षाएं मार्च में होंगी। पहले दिसंबर में होना थी, लेकिन नैक के दौरे के चलते आगे बढ़ाया था। इधर, देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी की बीबीए व बीसीए पहले सेमेस्टर की परीक्षाएं फरवरी के प्रथम सप्ताह में शुरू होंगी लेकिन इसकी तारीख तय करने और टाइम-टेबल घोषित करने के लिए यूनिवर्सिटी में परीक्षा विभाग की बैठक चल रही है। ये परीक्षाएं भी नवंबर में हो जाना थीं लेकिन तब विधानसभा चुनाव थे। हालांकि परीक्षा विभाग ने कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं का शेड्यूल पटरी पर ला दिया। एमकॉम, एमए और एमएससी पहले सेमेस्टर की परीक्षाएं 24 जनवरी से शुरू हो रहीं।
जल्द करेंगे टाइम-टेबल घोषित : बैठक शुरू होने से पहले परीक्षा नियंत्रक के.एन. चतुर्वेदी ने कहा कि बीबीए-बीसीए परीक्षा का टाइम-टेबल जल्द घोषित करेंगे। बाकी परीक्षाओं को लेकर भी तैयारी कर रहे हैं। बैठक में तय करेंगे कि फरवरी में किन तारीखों में बीबीए-बीसीए की परीक्षाएं होना है। परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र और नकल रोकने के लिए उडऩदस्ते भी जल्द बनाए जाएंगे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.