पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंइंदौर. विजय नगर स्थित आरटीओ कार्यालय में 10 दिन के बाद शनिवार से दोबारा दो पहिया वाहनों में नंबर प्लेट लगाने का काम शुरू हुआ। इसके साथ ही दो पहिया वाहनों की नंबर प्लेट शुल्क का जमा करने का काम भी शुरू हो गया।
उल्लेखनीय है कि हाई सिक्युरिटी नंबर प्लेट बनाने वाली उत्सव लिंक कंपनी के स्थानीय ऑफिस में दो पहिया वाहनों की पीछे की नंबर प्लेट का स्टाक खत्म हो गया था। इसके कारण 15 जनवरी से दो पहिया वाहनों में नंबर प्लेट लगने का काम बंद कर दिया गया था। साथ ही इनका शुल्क भी जमा नहीं किया जा रहा था। इसके कारण रोजाना सैकड़ों लोग परेशान हो रहे थे। इसके चलते आरटीओ ने कंपनी को नोटिस भी जारी किए थे। शुक्रवार को कंपनी के पास करीब 11 हजार प्लेटों का स्टाक आ गया। इसके चलते शनिवार सुबह से दोबारा वाहनों में प्लेटें लगाने और शुल्क जमा कर रसीद काटने का काम शुरू किया गया। आरटीओ संजय सोनी ने बताया कि शनिवार को 15,16 और 17 जनवरी को जिन लोगों को नंबर प्लेट लगवाने का समय दिया गया था उनके वाहनों में प्लेटें लगाई गई। ऐसे भी कई लोग थे जो जानकारी के अभाव में नहीं आ पाए, ऐसे लोगों के वाहनों में सोमवार को प्लेट लगाई जाएगी। वहीं आज जो रसीदें काटी गई, उन वाहनों में 29 जनवरी को प्लेटें लगाए जाने का समय दिया गया है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.