पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • म.प्र. अंडर 16 टीम ने इतिहास रचा

म.प्र. अंडर-16 टीम ने इतिहास रचा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

इंदौर. मध्यप्रदेश के युवा किशोरों ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा आयोजित विजय मर्चेंट ट्रॉफी अंडर-16 क्रिकेट स्पर्धा में पहली बार चैंपियन बनकर इतिहास रचा दिया। फाइनल मुकाबले में युवाओं की टीम ने रविवार को मुंबई में पंजाब को 6 विकेट से हराकर प्रदेश और अपने शहर को गणतंत्र दिवस का शानदार तोहफा दिया। म.प्र. की इस ऐतिहासिक जीत के हीरो रहे भूपेंद्रसिंह भदौरिया, राहुल बाथम, सागर शर्मा, आशुतोष शर्मा व निखिल मिश्रा। भूपेंद्र ने 60 रनों की पारी खेल म.प्र. को बढ़त दिलाई और सागर ने कुल 6 तथा राहुल ने 4 विकेट लिए। फिर 229 लक्ष्य पीछा करते म.प्र. के लिए निखिल मिश्रा (86) और आशुतोष शर्मा (60*) ने मैच जिताने वाली पारी खेली। टीम को एमपीसीए के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक संदेश भेजकर बधाई व शुभकामनाएं दी।
चार दिवसीय मैच में म.प्र. ने तीसरे दिन पंजाब पर 48 रनों की बढ़त हासिल की। फिर चौथे दिन पंजाब ने दूसरी पारी में 8/276 रन पर घोषित कर म.प्र. को 229 रनों का लक्ष्य दिया। म.प्र. ने 4 विकेट पर 229 रन बनाकर ऐतिहासिक जीत को अंजाम दिया।
टीम का इंदौर पहुंचने पर जोरदार स्वागत हुआ : पंजाब पर शानदार फतह हासिल करने के बाद सोमवार को इंदौर पहुंचने पर मध्यप्रदेश टीम का ढोल-ढमाकों, आतिशबाजी और फूलों की वर्षा के साथ जोरदार स्वागत एमपीसीए की टीम ने किया। एयरपोर्ट से टीम बस द्वारा जैसे ही खेल प्रशाल परिसर में दाखिल हुई, म.प्र. क्रिकेट एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं टीम के सदस्यों ने टीम पर जोरदार पुष्पवर्षा की और आतिशबाजी कर होलकर स्टेडियम परिसर में टीम को लाया गया। फिर टीम के कप्तान सिद्धार्थ पाटीदार ने अपने साथियों के साथ केक काटकर जश्न मनाया।