पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पेस भूपति के नहीं होने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा : यूकी

पेस-भूपति के नहीं होने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा : यूकी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

इंदौर। भारतीय डेविस कप टीम के खिलाड़ी यूकी भांबरी का मानना है कि इंडिया टीम में अनुभवी खिलाड़ी लिएंडर पेस और महेश भूपति के नहीं होने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। भारत और चीनी ताइपे के बीच एशिया ओसीनिया ग्रुप-1 का डेविस कप मुकाबला 31 जनवरी से यहां इंदौर टेनिस क्लब में खेला जाएगा। भारतीय टीम में सोमदेव देवबर्मन, रोहन बोपन्ना, यूकी भांबरी और साकेत मेनेनी शामिल हैं।
21 वर्षीय युवा खिलाड़ी यूकी भांबरी ने कहा रोहन बोपन्ना दुनिया के शीर्ष-10 खिलाडिय़ों में शामिल हैं। सोमदेव भी भारत के शीर्ष खिलाड़ी हैं। मैं भी एकल के साथ युगल खेल सकता हूं। चेन्नई ओपन में साकेत ने भी अपनी प्रतिभा साबित की है।इस तरह हम देखें तो हमारी टीम अच्छी है और मुझे नहीं लगता कि इस लेवल पर आकर हमारी टीम को कोई फर्क पड़ेगा।
डेविस कप को यूकी ने अन्य टूर्नामेंट से थोड़ा भिन्न बताया। उन्होंने कहा हम डेविस कप में अपने देश का प्रतिनिधित्व करते हैं।इसमें कोर्ट वही है। खेल वही है लेकिन क्राउड देश के लिए हमें सपोर्ट करता है। एक अलग माहौल होता है और यह काफी रोमांचक होता है।
यूकी यहां के टूर्नामेंट में यही उम्मीद कर रहे कि वे अपना एकल मुकाबला जीत जाएं तो टीम इंडिया को जीतने में आसानी होगी।उन्होंने कहा सोमदेव दोनों सिंगल्स जीत सकते हैं। अब मेरी कोशिश होगी कि अपना मुकाबला जीतकर भारत को जल्दी जीत दिलाऊं।
यूकी ने सोमदेव देवबर्मन के साथ इंदौर टेनिस क्लब में लगभग 3 घंटे अभ्यास किया। इस दौरान उनके साथ नॉन प्लेइंग कैप्टन आनंद अमृतराज और कोच जीशान अली विशेष तौर पर मौजूद थे। यूकी ने कहा अभ्यास सत्र में मैंने अपने सभी एरियाज कवर किए। इस साल चेन्नई ओपन और फिर ऑस्ट्रेलिया ओपन में मैं अपने प्रदर्शन से संतुष्ट हूं। मैं कोशिश करूंगा कि वही फॉर्म डेविस कप में भी बरकरार रखूं। चीनी ताइपे की टीम अच्छी है। मुकाबला आसान नहीं होगा लेकिन इंडिया का पक्ष ज्यादा मजबूत है।
यूकी क्रिकेट के प्रशंसक हैं और वे चाहते हैं कि एक बार मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर उनका मैच देखने आएं। यूकी ने कहा भारत ने जब क्रिकेट वल्र्डकप जीता था तो मुझे बेहद खुशी हुई थी। सचिन का मैं प्रशंसक हूं। सचिन विंबलडन देखने जाते हैं। मैं कोशिश करूंगा कि कभी सचिन मैच देखने आएं और उनसे मुलाकात हो लेकिन सचिन दूसरे या तीसरे राउंड के मैच देखने जाते हैं। मुझे कोशिश करना होगा कि मैं सेकंड या थर्ड राउंड में पहुंचू ताकि उनसे मुलाकात हो सके।
यूकी से यह पूछने पर कि भारत डेविस कप के फाइनल में कब पहुंचेगा यूकी ने सीधा जवाब देते हुए कहा इसके लिए अभी काफी इंतजार करना पड़ेगा। जब तक हमारे यहां के 3-4 खिलाड़ी टॉप-20 या 50 में नहीं आते यह संभव नहीं दिखता। हालांकि उन्होंने माना कि एशिया ओसीनिया ग्रुप-1 में मुकाबला आसान रहेगा और टीम इंडिया आसानी से प्ले ऑफ के लिए क्वालिफाई कर जाएगी। उन्होंने कहा मुझे उम्मीद है हम यहां जीत जाएंगे। इसके बाद कोरिया से टक्कर होगी। वहां भी हमारे लिए मुकाबला आसान होगा। मुझे लगता है हम अपनी काबिलियत से खेले तो जीत दर्ज करने में कोई दिक्कत नहीं होगी। हम प्ले ऑफ में पहुंच जाएंगे।