पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंइंदौर। आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों के चलते बुधवार को कलेक्टोरेट स्थित स्ट्रांग रूम में रखी इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को निकाला गया। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में उपयोग की गई इन मशीनों से दर्ज डाटा हटाकर (मेमोरी इरेज) इन्हें खाली किया जा रहा है। चुनाव को लेकर महू विधानसभा के पराजित प्रत्याशी अंतरसिंह दरबार ने याचिका लगाई है, जिसके चलते महू की ईवीएम मशीन से डाटा हटाने से पहले बुधवार को उन्हें अनुमति के लिए बुलाया गया।
यहां पहुंचे दरबार ने अधिकारियों ने बात करने के बाद पहले तो ईवीएम की पूरी प्रक्रिया को समझा इसके बाद उन्होंने कहा कि महू विधानसभा क्षेत्र में इस्तेमाल की गई ईवीएम से डाटा मिटाने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। जिसके बाद उन्होंने अधिकारियों को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) दस्तखत कर दिया। मीडिया से चर्चा में दरबार ने कहा कि उन्हें ईवीएम पर कोई संदेह नहीं है। इसलिए इनमें दर्ज डाटा हटाने से भी कोई ऐतराज नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी याचिका में कुछ अन्य बिंदुओं पर आपत्ति दर्ज करवाई गई है। याचिका स्वीकार होने के बाद वे अपनी आपत्तियों का खुलासा करेंगे। उन्होंने कहा कि वे याचिका के माध्यम से चाहते हैं कि चुनाव निरस्त किया जाए और गलत करने वाले के खिलाफ कार्रवाई भी की जाए। बताया जा रहा है कि उनके द्वारा याचिका में दर्ज कराई गई आपत्तियों में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा चुनाव के दौरान पैसा और शराब बंटवाने जैसी शिकायतें शामिल हैं। इनसे जुड़े कुछ प्रमाण भी उन्होंने याचिका के साथ लगाए हैं। उधर, अधिकारियों ने दरबार की ओर से एनओसी मिलने के बाद मशीनों से डाटा हटाने का काम शुरू किया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.