पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • डेविस कप में यूकी खेलेंगे पहला सिंगल्स

डेविस कप में यूकी खेलेंगे पहला सिंगल्स

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

इंदौर। डेविस कप एशिया ओसीनिया ग्रुप-1 टाई में चीनी ताइपे के खिलाफ भारत का अभियान शुक्रवार से शुरू होगा। इसमें यूकी भांबरी को कठिन ड्रॉ मिला है। यूकी पहले सिंगल्स में चीनी ताइपे के नंबर वन प्लेयर सुंग हुआ यांग के खिलाफ भारतीय अभियान की शुरुआत करेगे। डेविस कप द वल्र्ड कप ऑफ टेनिस टाई के लिए गुरुवार को ड्रॉ निकाला गया। एमरल्ड हाइट्स स्कूल में आयोजित ड्रॉ सेरेमनी में दोनों देशों के खिलाड़ी के अलावा बड़ी संख्या में स्कूली छात्र मौजूद थे। डेविस कप की ड्रॉ सेरेमनी भारत में पहली बार भव्य स्तर पर आयोजित की गई।


दूसरे सिंगल्स में भारत के शीर्ष एकल खिलाड़ी सोमदेव देवबर्मन का मुकाबला चीनी ताइपे के ति चेन से होगा। चेन ने पिछले साल आईटीएफ फ्यूचर्स सर्किट में अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने तीन खिताब जीते और कई टूर्नामेंट के सेमीफाइनल तक पहुंचे। सोमदेव ने 2009 में चेन को हराकर भारत को डेविस कप मुकाबले में चीनी ताइपे के खिलाफ 3-2 से जीत दिलाई थी। इस तरह भारतीय टीम काफी मजबूत है चीनी ताइपे के लिए उनके शीर्ष खिलाडिय़ों की गैरमौजूदगी में मुकाबला आसान नहीं होगा।


एक साल बाद टीम में वापसी करने वाले रोहन बोपन्ना डेब्यू कर रहे साकेत मेनेनी के साथ युगल मुकाबले में उतरेंगे। 1 फरवरी को युगल मुकाबले में बोपन्ना-मेनेनी की जोड़ी हेसिन येन पेंग और हसिन हान ली से भिड़ेगी। 2 फरवरी को रिवर्स सिंगल्स के मुकाबले होंगे। बोपन्ना ने 2012 में उज्बेकिस्तान के खिलाफ निर्णायक मुकाबले में जीत दर्ज कर भारत की 3-2 की जीत तय की थी। वहीं मेनेनी को उनसे उच्च रैंकिंग वाले जीवन नेदुनचेजियान पर वरियता देते हुए टीम में शामिल किया गया है। मेनेनी ने चेन्नई ओपन में रूसी जोड़ीदार केरेन काचानोव के साथ मिलकर शीर्ष वरीयता प्राप्त बोपन्ना और ऐसाम उल हक कुरैशी की जोड़ी को हराया था।