पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरांची/ठाकुरगांव. एसडीओ अंजली यादव ने शनिवार को बुढ़मू अंचल में अवैध क्रशर और ईंट भट्ठे के खिलाफ अभियान चलाया। 10 क्रशर और एक ईंट भट्ठे को ध्वस्त कर दिया। संचालकों के खिलाफ केस भी दर्ज कराया।
- गिंजो ठाकुरगांव में हाफिज अंसारी के क्रशर के पास एक ड्राइवर ट्रैक्टर को झाड़ी में छिपाकर भाग निकला। एसडीओ खुद झाड़ी में उतरीं और ट्रैक्टर ड्राइव कर बाहर निकाला।
- कार्रवाई के दौरान करीब 200 लोगों ने टास्क फोर्स टीम पर हमले का भी प्रयास किया। लेकिन पुलिस के सामने उनकी नहीं चली।
बुढ़मू में एसडीओ ने दर्जनभर अवैध क्रशर व ईंट-भट्ठे को कराया ध्वस्त
- अवैध क्रशर और ईंट-भट्ठे के खिलाफ पहली कार्रवाई सुबह आठ बजे हुई। डडिया गुड़गांव और गिंजो ठाकुरगांव स्थित राकेश महतो, मोहम्मद हाफिज अंसारी, रवीना खातून, लक्ष्मी नारायण जायसवाल और सुनील कुमार नाथ शाहदेव के कुल 5 क्रशर ध्वस्त किए गए। सभी के खिलाफ ठाकुरगांव थाने में मामला दर्ज कराया गया।
- इधर, क्रशर संचालक राकेश महतो ने अधिकारियों पर कंप्रेशर मशीन में आग लगाने का भी आरोप लगाया है। छापेमारी टीम में कार्यपालक दंडाधिकारी सागर कुमार, रविशंकर, सीओ सुनील चंद्र, बीडीओ संजीव कुमार, सहायक खनन पदाधिकारी योगेंद्र बड़ाईक, क्षेत्रीय पदा. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड आरएन कश्यप और बुढ़मू के अंचल निरीक्षक रामलाल भगत शामिल थे।
बुढ़मू-मांडर थाने में 3-3 के खिलाफ केस
दूसरी कार्रवाई नाउज में अवैध रूप से क्रशर चलानेवाले सुदर्शन प्रसाद जायसवाल, भोला प्रसाद और पवन जायसवाल के खिलाफ की गई। इन तीनों के विरुद्ध बुढ़मू थाने में प्रदूषण नियंत्रण एवं खनन अधिनियम की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई। इसके बाद मांडर थानांतर्गत सेवाडी के आडरा में राजू खलखो, सुनील ओझा और धर्मेंद्र सिंह के अवैध क्रशर को ध्वस्त कर तीनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
200 लोगों को जमा कर हंगामे का आरोप
छापेमारी टीम के अधिकारियों ने बताया कि ईचपीढ़ी में अवैध ईंट-भट्टे के मालिक यूनुस खान ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने की कोशिश की। उसने करीब 200 लोगों को एकत्र कर हंगामा करने के साथ टास्क फोर्स टीम पर हमले का भी प्रयास किया।
शिकायत मिली थी
क्रशर और ईंट-भट्ठा संचालकों के पास इसे चलाने के लिए कोई परमिशन नहीं था। ब्लास्टिंग के कारण ग्रामीणों ने भी कंप्लेन की थी। इसके बाद डीसी के आदेश पर क्रशर और ईंट-भट्ठा ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई।
अंजली यादव, एसडीओ, सदर
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.