पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंफिल्लौर. हलका शाहकोट से कांग्रेसी उम्मीदवार हरदेव सिंह लाडी शेरोवालिया के समर्थन में बैठे आजाद उम्मीदवार हरदेव सिंह पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोप है कि वह पुलिस सुरक्षा लेने और अकालियों पर झूठा दर्ज करवाने के मामले में पुलिस को गुमराह करता रहा। पुलिस ने मामला 6 घंटे में ही सुलझा लिया और पता लगा कि फिल्लौर में जिस घटना को वह हमले का रूप दे रहा था। असल में कोई हमला नहीं, दो कारों की आपसी टक्कर थी। पुलिस ने आरोपी हरदेव सिंह के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
बताया- दो कारों में सवार 6 हथियारबंद लोगों ने किया हमला
- हरदेव सिंह ने 9 मई को बतौर आजाद उम्मीदवार कागज दाखिल करते ही एसडीएम शाहकोट से मांग की थी कि उसे पुलिस सुरक्षा दी जाए। 11 तारीख को चुनाव आयोग ने कागजों में कमियां होने के चलते नामांकन रद्द कर दिया तो गत दिवस हरदेव सिंह ने कांग्रेस उम्मीदवार लाडी शेरोवालिया के हक में बैठने की घोषणा कर दी।
- रात को वे अपने वकील से मिलने चंडीगढ़ चले गए, जहां से वापस आते समय फिल्लौर-नकोदर रोड पर उसका पीछा कर रही दो कारों में सवार 6 हथियारबंद लोगों ने उसे घेरकर जानलेवा हमला करके जख्मी करने की कहानी बुन दी।
फोन पर एसएसपी को दी सूचना तो हड़कंप मच गया
- हरदेव सिंह ने आरोप लगाया कि हमले में वह बेहोश हो गया तो उसे सिविल अस्पताल लाया गया। उसने अपने फोन से एसएसपी जालंधर व अन्य उच्चाधिकारियों को बताया कि अकाली उम्मीदवार नायब सिंह कोहाड़ के इशारे पर अकाली समर्थकों ने उस पर हमला कर दिया है।
- इस बात का पता लगते ही एसपी-डी बलकार सिंह, डीएसपी फिल्लौर अमरीक सिंह चाहल, सीआईए प्रभारी हरिंदर सिंह गिल पुलिस फोर्स के साथ हरदेव सिंह के बयान लेने अस्पताल पहुंच गए।
- उसने कार्रवाई न किए जाने पर धरना देने की चेतावनी दी और अकालियों पर केस दर्ज करने की मांग की। इसी दौरान उसने एसपीडी बलकार सिंह की फोन पर कांग्रेस उम्मीदवार लाडी शेरोवालिया से बात करवाई।
छह घंटे में ही पुलिस ने मामला सुलझाया
पुलिस ने बयान दर्ज कर जांच शुरू की तो महज 6 घंटे बाद पुलिस के हाथ हरजीत नाम का युवक लग गया, जिसने घटना की पूरी वीडियो मोबाइल फोन पर बनाई थी। वीडियो में खुलासा हुआ कि हरदेव सिंह खुद तेज रफ्तार में कार चला रहा था। गाड़ी बेकाबू होने पर सामने से आ रही सफेद रंग की कार से टक्कर हो गई। दूसरी कार एक महिला चला रही थी।
दूसरी कार में बच्चे के साथ थी महिला
पुलिस ने एक्सीडेंट मे घायल महिला मनप्रीत कौर का भी पता लगा लिया। उसने पुलिस को बताया कि वह बुटीक चलाती हैं। जब सामने से आ रही कार ने उसकी कार में टक्कर मारी, तब कार में उसका एक साल का बेटा भी था, जो सीट से नीचे गिर गया और उसे भी चोटें लगी हैं। पुलिस ने जख्मी हरदेव सिंह को सारी फिल्म दिखाई तो उसने हमले के बयान बदल लिए। पुलिस ने महिला की शिकायत पर हरदेव सिंह के खिलाफ कार दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.