पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंलखनऊ. उत्तर प्रदेश, गुजरात, बिहार, तेलंगाना और मध्य प्रदेश में नकदी का संकट पैदा हो गया है। लखनऊ समेत प्रदेश के कई एटीएम में पैसा नहीं है। उधर, सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने अफसरों को हालात पर नजर रखने के लिए कहा है। एक बैंक अफसर का कहना है कि रिजर्व बैंक की ओर से नकदी का प्रवाह घटने की वजह से यह हालात पैदा हुए हैं। इसे दूर करने की कोशिश की जा रही है। राज्य सरकारें भी आरबीआई के संपर्क में हैं। वहीं, केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री शिव प्रतार शुक्ल ने कहा है कि 2-3 दिनों से ऐसी समस्या है जिसे हम जल्द ही साल्व कर लेंगे।
क्या कहा वित्त मंत्री ने
-प्रदेश के वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह आम लोगों से जुड़ी हुई समस्या है। इसको लेकर मेरी केंद्र सरकार के वित्त राज्यमंत्री से भी बात हुई है। 1 या 2 दिन में यह समस्या खत्म हो जाएगी। पिछले चार-पांच दिनों से इस तरह की खबरें आ रही हैं कि 2 हजार के नोट लोग रोक रहे हैं। मुझे लगता है कि साजिशन इस तरह की अफवाह फैलाई जा रही है। दो हजार के नोटों की कोई ऐसी समस्या बैंकों में नहीं है और पर्याप्त मात्रा में नोट उपलब्ध हैं।
क्या कहना है मुख्य सचिव का
- मुख्य सचिव राजीव कुमार ने कहा कि नगदी संकट जैसी अभी कोई स्थिति नहीं है। कुछ जगहों पर करेंसी की कमी जरूर हो, इसको लेकर सरकार गंभीरता से प्रयास कर रही है। बैंकिंग सेक्टर से इस विषय पर बातचीत करके इस संकट को दूर करने का पूरा प्रयास जल्द से जल्द किया जाएगा।
दो हजार के नोट गायब
- बैंक ऑफ इंडिया के एक सीनियर अधिकारी के अनुसार बाजार से दो हजार के ज्यादातर नोट गायब हो रहे हैं। इसका प्रमुख कारण 80 फीसदी से अधिक नोट लोगों द्वारा दबाया जाना माना जा रहा है। रुपये बैंकों में न आने से परेशानी बढ़ गई है। ऐसे में पांच और दो सौ के नोट ही एटीएम में भरे जा रहे हैं। कैश का फ्लो कम होने से दिक्कत हो रही है।
पांच बैंकों के एटीएम में नहीं पैसा
- इंदिरा नगर सेक्टर-14 निवासी केके मिश्रा के अनुसार इलाके में स्थित एसबीआई, यूनियन, एक्सिस समेत पांच बैंकों के एटीएम से कैश नहीं निकला। राणा प्रताप मार्ग निवासी एके गौतम ने बताया कि जवाहर भवन के सामने स्थित एचडीएफसी बैंक का एटीएम खराब होने से कई लोगों को लौटना पड़ा।
- श्रीराम टावर के पास स्थित पीएनबी का एटीएम भी काफी समय से काम नहीं कर रहा है। जून के पास स्थित एसबीआई के एटीएम में भी सोमवार को सूखा रहा। नाका निवासी आशीष अवस्थी के अनुसार इलाके में सात एटीएम होने के बावजूद किसी में कैश नहीं था। चौक निवासी असद ने बताया कि पहले भी कुछ दिक्कत थी, लेकिन कुछ दिनों से बढ़ गई है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.