पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंनई दिल्ली. पीएनबी घोटाले में सीबीआई ने बुधवार को दूसरी चार्जशीट दाखिल की। 13,000 करोड़ रुपए से ज्यादा के घोटाले में मेहुल चौकसी और 17 अन्य के खिलाफ ये चार्जशीट दायर की गई है। इनमें गीतांजलि ग्रुप से जुड़ी कंपनियों समेत कुछ दूसरी कंपनियां और लोगों के नाम शामिल हैं। आपराधिक षडयंत्र, धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार निरोधक कानून के अन्य प्रावधानों के तहत मुंबई की विशेष अदालत में ये चार्जशीट दायर की गई है।
सोमवार को पहली चार्जशीट दायर हुई
- पहली चार्जशीट में नीरव मोदी के साथ ही बैंक की पूर्व प्रमुख ऊषा अनंतसुब्रमण्यन और करीब 22 अन्य लोगों के नाम हैं। जांच एजेंसी ने मुख्य आरोपी नीरव मोदी के भाई निशाल मोदी और उसकी कंपनी के एग्जीक्यूटिव सुभाष परब की भूमिका का जिक्र भी किया है।
- सीबीआई की चार्जशीट में पीएनबी के केवी ब्रह्माजी और संजीव शरण के नाम आने के बाद दोनों के अधिकार छीन लिए गए। मंगलवार की बोर्ड बैठक में दोनों शामिल नहीं हुए।
- इस केस से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक नीरव मोदी के खिलाफ जल्द सप्लीमेंट्री चार्जशीट भी दाखिल की जाएगी।
पीएनबी को 13,416.19 करोड़ रुपए का घाटा
- पंजाब नेशनल बैंक को जनवरी-मार्च तिमाही में 13,416.19 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। किसी भी भारतीय बैंक का ये अब तक का सबसे बड़ा तिमाही घाटा है। पिछले साल की चौथी तिमाही में बैंक को 262 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था।
- बैंक की आय भी 13.6% घटकर 12,945 करोड़ रुपए रह गई है, जो पहले 14,989 करोड़ रुपए थी। 2016-2017 की चौथी तिमाही में पीएनबी को 6,232 करोड़ रुपए का ऑपरेटिंग प्रॉफिट हुआ था, लेकिन इस बार 447 करोड़ का घाटा हुआ है। नीरव मोदी और मेहुल चौकसी के घोटाले के वजह से पीएनबी की ये हालत हुई है।
पीएनबी का शेयर दो दिन में 18% लुढ़का
- मंगलवार को नतीजों के बाद पीएनबी का शेयर एनएसई पर 6% और बीएसई पर 4% गिरकर 52 हफ्ते के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। बुधवार को भी शेयर दोनों एक्सचेंज पर 12% गिरावट के साथ बंद हुआ और लगातार दूसरे दिन 52 हफ्ते का नया लो बनाया।
बुधवार को शेयर भाव
| एक्सचेंज | शेयर प्राइस | गिरावट | उच्च स्तर | निम्न स्तर (52 हफ्ते का लो ) |
| बीएसई | 75.55 रु. | 10.45 रु. 12.15% |
80.40 रु. | 74.30 रु. |
| एनएसई | 75.70 रु. | 10.25 रु. 11.93% |
80 रु. | 74.15 रु. |
- बुधवार को कारोबार के दौरान पीएनबी के शेयर में 14% तक गिरावट दर्ज की गई।
पीएनबी घोटाला: 3 दिन में 5 बड़े डवलपमेंट
1) 14 मई- पहली चार्जशीट दाखिल, नीरव मोदी का नाम शामिल
2) 15 मई- फ्रॉड की वजह से 13,416.19 करोड़ रु. का तिमाही घाटा
3) 15 मई- पीएनबी का शेयर 6% गिरकर 52 हफ्ते के लो पर पहुंचा
4) 16 मई- दूसरी चार्जशीट दाखिल, मेहुल चौकसी का नाम शामिल
5)16 मई- बीएसई और एनएसई पर पीएनबी का शेयर 12% लुढ़का
निवेशकों के 3,822.87 करोड़ रुपए डूबे
- शेयर में गिरावट की वजह से दो दिन में पीएनबी की मार्केट वैल्यू 3,822.87 करोड़ रुपए घट गई है।
69 रुपए पर पीएनबी के शेयर को सपोर्ट संभव
-एचडीएफसी सिक्योरिटीज के रिटेल रिसर्च हेड दीपक जसानी की राय है कि, छोटी अवधि में पीएनबी के शेयर को 69 रुपए के आस-पास सपोर्ट मिल सकता है।
पीएनबी को तुरंत बेलआउट की जरूरत: जेफेरीज
- पंजाब नेशनल बैंक के चौथी तिमाही के नतीजों को देखते हुए फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी जेफेरीज ने अपनी रिपोर्ट में कहा है, पीएनबी को सरकार की ओर से तुरंत बेलआउट पैकेज दिए जाने की जरूरत है।
पीएनबी घोटाले में अब तक क्या हुआ?
- 29 जनवरी को मुंबई में पीएनबी की ओर से इस मामले में शिकायत की गई
- 31 जनवरी को सीबीआई ने पहली एफआईआर दर्ज की
- एफआईआर में नीरव मोदी, उसकी पत्नी एमी, भाई निशाल और चाचा मेहुल चौकसी और अन्य आरोपियों के नाम
- बाद में सीबीआई ने दो और एफआईआर दर्ज कीं
- पहली एफआईआर के आधार पर 14 मई को पहली चार्जशीट दायर
- दूसरी एफआईआर के आधार पर 16 मई को दूसरी चार्जशीट दायर
-इस घोटाले में अभी तक 15 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.