- Hindi News
- National
- Hamirpur News Chaitra Fair Started In Shahatlai Fear Of Corona Virus And Rain Could Not Stop Devotees39 Steps
शाहतलाई में चैत्र मेला शुरू, कोरोना वायरस का डर व बारिश नहीं रोक पाई भक्तों के कदम
बाबा बालक नाथ की तपोभूमि शाहतलाई में चैत्र मेला शनिवार से शुरू हो गया। एक माह तक चलने वाले इस मेले का शुभारंभ विधिवत रूप से पूजा-अर्चना और झंडा चढ़ाने की रस्म के साथ हुआ। हालांकि झंडा चढ़ाने की रस्म प्रशासनिक अधिकारी निभाते रहे हैं, लेकिन कोरोना वायरस को लेकर सरकार की एडवाइजरी ने उनके कदम रोक दिए। इस बार यह रस्म मंदिर न्यासियों, पुजारियों और श्रद्धालुओं ने निभाई। मेला शुरू होते ही धार्मिक नगरी में रौनक छा गई है। न तो कोरोना वायरस का डर और न ही दोपहर के समय हुई तेज बारिश श्रद्धालुओं के कदम रोक पाए।
शाहतलाई में चैत्र सक्रांति से शुरू हुए एक माह की अवधि के मेले का आगाज धूमधाम से हुआ। मेले के चलते श्रद्धालुओं की आमद का सिलसिला शनिवार सुबह से ही शुरू हो गया था। मंदिर न्यासियों, पुजारियों व श्रद्धालुओं ने संयुक्त रूप से झंडा चढ़ाने की रस्म निभाई। इस दौरान धार्मिक नगरी ‘जय बाबे दी’ और ‘दूधाधारी की जय’ जैसे उद्घोषों से गूंज उठी। हालांकि प्रशासन की ओर से आधिकारिक तौर पर किसी ने भी इस रस्म में भाग नहीं लिया, लेकिन व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए वे मेला क्षेत्र का लगातार दौरा करते रहे। भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि श्रद्धालुओं को मंदिरों में दर्शन के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। दोपहर के समय अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। वे भजन-कीर्तन
करते हुए बाबा की महिमा का गुणगान करते रहे।
चैत्र मेलों के दौरान बड़ी संख्या में विदेशी श्रद्धालु भी बाबा के तपोस्थली मंदिरों में दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में कोरोना वायरस के खतरे को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गए हैं। इसके मद्देनजर शनिवार को ही मेला अधिकारी एवं झंडूता के तहसीलदार मुलतान सिंह बनयाल और बीएमओ डाॅ. हेमंत कालिया की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुआंे की रजिस्ट्रेशन के लिए एक काउंटर स्थापित किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की टीम विदेशी श्रद्धालुओं का निरीक्षण करेगी। यदि किसी में सर्दी-जुकाम के लक्षण पाए गए तो उसकी जांच की जाएगी। काउंटर के पास ही हाथ धोने के लिए 2 नल लगाए जाएंगे, जहां साबुन भी उपलब्ध रहेगा। मंदिर परिसर में भी नलों के पास साबुन और
सेनेटाइजर रखे जाएंगे। श्रद्धालुओं को कोरोना वायरस के प्रति जागरूक करने के लिए पंफलेट बांटने के साथ ही स्पीकरों का प्रयोग भी किया जाएगा।
मंहत राजेंद्र गिरी ने झंडा रस्म निभाकर किया मेले का आगाज
बड़सर | सिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में प्रशासन एवं ट्रस्ट अधिकारियों की गैर मौजूदगी में चैत्र मास के मेले शनिवार को शुरू हो गए हैं। मेले का आगाज मंहत राजेंद्र गिरी महाराज ने झंडा रस्म निभा कर किया। हालांकि इस रस्म को बीबीएन ट्रस्ट के चेयरमैन कम डीसी हमीरपुर द्वारा अदा किया जाता था। लेकिन प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश में कोरोना वायरस की बजह से मेले-त्यौहारों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। जिस बजह ट्रस्ट के अधिकारियों ने न ही इस मेले की घोषणा की और न ही प्रशासनिक अधिकारी इसकी झंडा रस्म अदा करने को पहुंचे। मगर लोगों की आस्था के आगे सरकार भी कुछ नहीं कर सकती। बाबा के भक्त कोरोना वायरस की परवाह न करते हुए नंगे पैर होशियारपुर पंजाब सहित अन्सेय जगह से भी बाबा की पवित्र गुफा के दर्शन करने के लिए भी आ रहे हैं। लोगों के न रूकने पर चैत्र मास के इस मेले का आगाज इस बार मंदिर के मंहत राजेंद्र गिरी महाराज ने झंडा रस्म अदा करके किया। इस मौके पर मंदिर के पुजारी अशोक, सुनील, राकेश सहित ट्रस्टी सुरेश चौधरी, संजीव शर्मा, सरला शर्मा, सुदेश, सोमदत्त, रामेश्वर सहित कई मौजूद थे।
चैत्र मेले के शुभारंभ पर झंडा चढ़ाने की रस्म निभाते मंदिर न्यासी, पुजारी और श्रद्धालु।