- Hindi News
- National
- Khuti News Change Can Be Made Only With Collective Efforts In The Condition And Direction Of The Village Deputy Commissioner
गांव की दशा और दिशा में सामूहिक प्रयासों से ही किया जा सकता है बदलाव : उपायुक्त
खूंटी के मारंगहादा पंचायत के भूत ग्राम में बुधवार को उपायुक्त सूरज कुमार के नेतृत्व में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभाग के तहत संचालित योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी और लाभ उठाने की अपील की। ग्रामीणों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई। सर्वाधिक शिकायतें चापानल मरम्मती, सामाजिक सुरक्षा, प्रधानमंत्री आवास योजना व राशन कार्ड से संबंधित थीं। उपायुक्त ने तत्काल लोगों की समस्याओं का निराकरण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये। कार्यक्रम स्थल पर लाभुकों की समस्याओं, शिकायतों से संबंधित आवेदन प्राप्त करने व त्वरित निपटान हेतु विभागों द्वारा स्टॉल लगाये गये थे। आॅन द स्पाॅट सामाजिक सुरक्षा, श्रम नियोजन, प्रखंड विकास कार्यालय, अंचल सहित अन्य कार्यालय से संबंधित लाभुकों की समस्याओं व शिकायतों से संबंधित आवेदनों पर संबंधित विभाग के अधिकारियों आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर योग्य लाभुकों के अनेक मामले का निस्तारण किया गया। वहीं कई अन्य मामले का समय सीमा के तहत निष्पादन के लिए संबंधित विभाग के पदाधिकारी को निर्देश दिये गये। मौके पर उपायुक्त ने कहा कि लाभुकों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए कार्यालयों का चक्कर लगाकर अनावश्यक रूप से समय व आर्थिक क्षति का सामना नहीं करना पड़े। इसी उद्देश्य को लेकर राज्य सरकार के द्वारा सरकार आपके द्वार कार्यक्रम आरंभ किया गया है। उन्होंने ग्रामीणों से अपने अधिकार व कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने की बात पर जोर देते हुए कहा गांव और जिले की दशा और दिशा को सामूहिक प्रयासों से ही बदला जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा आपके लिए हित व विकास हेतु योजनाएं बनायी जाती है। उन योजनाओं के प्रति जागरूक होकर लाभ प्राप्त करना आपका कर्तव्य व अधिकार है। उन्होंने कहा कि जिला व प्रखंड के अधिकारियों को यह ध्यान रखना चाहिए कि कोई भी योग्य लाभुक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं हो। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का त्वरित निदान करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त आवेदनों व समस्याओं के आलोक में उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवेदनों का भौतिक सत्यापन कर यथाशीघ्र निस्तारण करने का निर्देश दिया। निर्देशित किया कि संबंधित विभाग के स्टॉल पर प्राप्त आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ दें। मौके पर कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, खूंटी ने ग्रामीणों को बताया कि जिला अंतर्गत कुआं, तालाब, पोखरा एवं नदी से खेतों के पटवन हेतु किसानों को निशुल्क विद्युत पोल, तार ट्रांसफार्मर एवं विद्युत मीटर उपलब्ध कराया जाएगा। किसानों को आवेदन की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। इस दौरान श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा झारखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के माध्यम से भवन एवं अन्य सन्निर्माण कार्यों में कार्यरत निबंधित महिला-पुरुष श्रमिकों के बीच 04 की संख्या में शर्ट-पैंट एवं साड़ी का वितरण किया गया। मौके पर श्रम नियोजन विभाग द्वारा श्रमिकों से यथाशीघ्र श्रम नियोजन विभाग के तहत निबंधन कराने की अपील की। बताया गया कि भवन एवं अन्य सन्निर्माण कार्यों में कार्यरत निबंधित श्रमिकों के कल्याणार्थ अनेक योजनाएं संचालित हैं। निबंधन के पश्चात निर्माण श्रमिक सेफ्टी किट योजना, श्रमिक औजार सहायता योजना, साइकिल सहायता योजना, झारखंड निर्माण कर्मकार मृत्यु अथवा दुर्घटना सहायता, विवाह सहायता योजना, अंत्येष्टि सहायता, पेंशन योजना, दिव्यांग पेंशन योजना आदि का लाभ प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार मिश्र, जिला भूमि सुधार उप समाहर्ता जीतेंद्र सिंह मुडा, कार्यपालक दंडाधिकारी श्रीमती कनक, जिला कल्याण पदाधिकारी, श्रीमती उषा मुंडू, पंचायती राज पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग, प्रखंड विकास पदाधिकारी, सुचित्रा मिंज, अंचलाधिकारी श्री विनोद प्रजापति, मारंहादा पंचायत मुखिया श्रीमती बहालेन टूटी होरो सहित अन्य अधिकारी व काफी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित थे।