- Hindi News
- National
- Raipur News Chhattisgarh News 5 Crore Deposited In 25 Thousand Accounts Of Post Offices There Is No Transaction For 10 Years Now This Amount Will Be Spent In The Welfare Of The Elderly
डाकघरों के 25 हजार खातों में 5 करोड़ जमा, इनमें 10 साल से कोई लेनदेन नहीं, अब ये रकम लगेगी बुजुर्गों के कल्याण में
राजधानी समेत प्रदेशभर के डाकघरों में अाम लोगों के 24560 ऐसे खाते हैं, जिनमें थोड़ी-थोड़ी रकम है लेकिन पिछले 10 साल से इनसे किसी ने न तो पैसे निकाले और न ही जमा किए हैं। सबको मिलाकर यह रकम 5 करोड़ रुपए से अधिक हो गई है। चूंकि खाते ही अापरेटिव नहीं हैं, इसलिए डाक विभाग इस रकम को एक साथ लेकर सीनियर सिटीजन कल्याण निधि में जमा करने जा रहा है।
इस निधि से बुजुर्गों के कल्याण के कई तरह के सामाजिक काम करने का प्लान है। डाक अफसरों के मुताबिक ऐसे तकरीबन 25 हजार खातों के मालिकों की जानकारी भी जुटाने की कोशिश की गई, लेकिन यह पता नहीं चल पाया कि खाते में रकम जमा कराने वाले लोग अभी कहां है? हर डाकघर के बाहर नोटिस लगाया गया कि अगर किसी का खाता है तो वे अाकर इसे चालू करवाएं।
डाक विभाग ने पहले ही नोटिस में कहा था कि 29 फरवरी तक इन खातों के मालिक सामने नहीं आते हैं तो यह रकम वरिष्ठ नागरिक कल्याण निधि में डाला जाएगा। इसलिए विभाग ने यह प्रक्रिया शुरू की है। एक खाताधारी को दो नोटिस जारी करने के बाद उसके खाते की रकम सीनियर सिटीजन वेलफेयर में ट्रांसफर की जा रही है।शेष|पेज 7
100 से 1 लाख तक जमा, पैसे निकालने नोटिस
जिन खातों में किसी भी तरह का कोई ट्रांजेक्शन नहीं हुआ है उनमें 100, 500, 1000, 5000, 10000 और इससे ज्यादा की रकम जमा है। कुछ खाते ऐसे भी हैं जिनमें 50 हजार से एक लाख रुपए तक जमा हैं। डाक विभाग में स्टाफ की कमी के कारण सभी लोगों को नोटिस नहीं भेजी जा सकी। इसलिए सबको नोटिस भेजने के बजाय डाकघरों में ही इन खातों से रकम निकाल लेने की नोटिस चस्पा कर दी गई। ऑनलाइन भी इन खातों की जानकारी डाली जा रही है।
वेलफेयर फंड में उपयोग होगा
-एचके महावर, प्रवर अधीक्षक रायपुर
अभी भी कर सकते हैं क्लेम
खाताधारियों को नोटिस मिलने या अभी ऐसे खातों की जानकारी होने के बाद लोग इन खातों में डाली गई रकम पर क्लेम कर सकते हैं। जरूरी दस्तावेजों के साथ वे खाते में सीज की गई रकम निकाल सकते हैं।
सीज रकम का उपयोग ऐसे
डेड खातों से जब्त की गई रकम बुजुर्गों की सुविधाएं जुटाने में खर्च की जाएगी। केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत इस रकम से बुजुर्गों को आर्थिक मदद के साथ ही उन्हें कम दर में लोन उपलब्ध कराया जाएगा। इतना ही नहीं सीनियर सिटीजन के प्रस्तावों को मंजूरी देने के लिए भी रकम इसी योजना के तहत खर्च की जाएगी। बेसहारा बुजुर्गों की मदद के लिए उन्हें बेहतर घर उपलब्ध कराने की भी कोशिश की जाएगी, ताकि कई बुजुर्ग वहां एक साथ रह सकें। इस तरह का काम छत्तीसगढ़ में पहली बार होगा।