- Hindi News
- National
- Raipur News Chhattisgarh News 55 People Investigated 46 Corona Not Found Only 9 Report Left
55 लोगों की जांच, 46 में कोरोना नहीं मिला, 9 की ही रिपोर्ट बाकी
राजधानी-प्रदेश में खतरा कम, फिर भी एहतियात
रायपुर। सिंगापुर से लौटे दो लोगों को कोरोना संदिग्ध मानते हुए सैंपल जांच के लिए एम्स भेजा गया है। वहीं चार अन्य के सैंपल भी भेजे गए हैं। अभी तक 44 सैंपलों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। जबकि नौ की रिपोर्ट आनी बाकी है। विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में कोरोना वायरस का खतरा कम है, फिर भी ऐहतियात बरती जा रही है।
दूसरी ओर अंबेडकर अस्पताल में कोरोना के संदिग्ध मरीजों के लिए अलग वार्ड व ओपीडी खोली गई है। डीपी वार्ड में ओपीडी चलाई जा रही है। जबकि चेस्ट विभाग के कमरा नंबर 205 में खुली स्पेशल ओपीडी बंद कर दी गई है। अब सर्दी, खांसी व बुखार वाले मरीजों का इलाज इसी विभाग के कमरा नंबर 212 में हो रहा है। एम्स में स्वाइन फ्लू के मरीज की हालत गंभीर है। जबकि एक अन्य मरीज खतरे से बाहर है। अभी तक तीन मरीज मिल चुके हैं, जिनमें एक की मौत हो चुकी है। महिला का इलाज लालपुर स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा था। चेस्ट विभाग के एचओडी डॉ. आरके पंडा ने बताया कि अब तक जिन लोगों के सैंपल कोरोना के शक में लिए गए हैं, उनकी हालत सामान्य थी और सर्दी-खांसी की वजह से शक में जांच करवाई गई। सैंपल सावधानी के तौर पर लिए जा रहे हैं। जिनके सैंपल लेने की जरूरत पड़ रही है, उन्हें भी परेशान होने की जरूरत नहीं है।
लाॅ यूनिवर्सिटी के बाद बाकी में भी अलर्ट
हिदायतुल्लाह नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (एचएनएलयू) में छुट्टी घोषित होने की खबर के तुरंत बाद कोरोना को लेकर राजधानी के बाकी विश्वविद्यालय भी एलर्ट पर अा गए हैं। राजधानी के एनआईटी में गुरुवार को हुई बैठक में तय किया गया कि अब छात्रों और टीचर्स के लिए एडवाइजरी जारी की जाएगी। यहां दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, झारखंड, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों के छात्र हैं और सेमेस्टर ब्रेक की वजह से 15 तक छुट्टियां हैं। एनआईटी के डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ. प्रभात दीवान ने बताया कि 16 मार्च से पढ़ाई शुरू होगी, लेकिन उससे पहले एडवाइजरी जारी कर दी जाएगी। इधर, साइंस कॉलेज प्रबंधन भी अपने तीनों हास्टलों के लिए एडवाइजरी चस्पां करने जा रहा है।
घर लौटने लगे सभी छात्र : गुरुवार की दोपहर करीब ढ़ाई बजे नया रायपुर िस्थत हिदायतुल्ला नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में भास्कर की टीम पहुंची तो मेन गेट का गार्ड ही मास्क लगाए हुए नजर अाया। गेट में एंट्री करने के बाद छात्र अपने सूटकेस के साथ नजर अाए। कुछ मास्कर पहने हुए थे। एक छात्र से पूछा गया, तो उसने बताया कि 18 तारीख तक छुट्टी दे दी गई है। क्लास नहीं लगेगी, इसलिए सभी घर लौट रहे हैं। आगे बढ़ने पर फर्स्ट ईयर की दो छात्राएं मिलीं, जो जगदलपुर लौट रही थीं। उन्होंने बताया कि वे ही नहीं, अलग-अलग राज्यों के स्टूडेंट्स भी घर लौट रहे हैं क्योंकि छुट्टी दे दी गई है।