- Hindi News
- National
- Raipur News Chhattisgarh News Agency Not Decided For Station Master Tc Recruitment Exam Difficult In April Too
स्टेशन मास्टर, टीसी भर्ती के लिए एजेंसी तय नहीं, अप्रैल में भी परीक्षा मुश्किल
नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (एनटीपीसी) के तहत होने वाली भर्ती परीक्षा के लिए अभी आवेदकों को कुछ महीने और इंतजार करना होगा। क्योंकि, यह परीक्षा कौन सी एजेंसी लेगी यह अभी तय नहीं है। हालांकि, रेलवे ने एजेंसी चयन की प्रक्रिया शुरू की है। फिर भी यह माना जा रहा है कि सब कुछ ठीक रहा तो भी इसमें महीने भर का वक्त लगेगा। इसलिए भर्ती परीक्षा अप्रैल में भी आयोजित किया जाना मुश्किल है। एनटीपीसी के तहत स्टेशन मास्टर, टीसी, गुड्स गार्ड समेत अन्य पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा मई में होने की संभावना है। पॉपुलर कैटेगरी के विभिन्न पदों के लिए करीब साल भर पहले रेलवे ने आवेदन मंगाए। ऐसी संभावना थी कि आवेदन के कुछ महीनों बाद ही भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। सितंबर में भर्ती परीक्षा होगी। लेकिन पूरा साल बीत गया लेकिन परीक्षा नहीं हुई। यहां तक की यह भर्ती परीक्षा कब आयोजित की जाएगी इसके बारे में भी सूचना जारी नहीं हुई। रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा एजेंसी तय नहीं होने के कारण भर्ती परीक्षा आयोजित नहीं की गई। एजेंसी चयन की प्रक्रिया चल रही है। टेंडर भी निकाले जा चुके हैं। संभावना है कि अप्रैल तक यह तय हो जाएगा कि कौन सी एजेंसी परीक्षा आयोजित करेगी। इसके बाद फिर भर्ती परीक्षा की प्रक्रिया शुरू होगी। एनटीपीसी कैटेगरी के लिए देशभर से बड़ी संख्या में आवेदन आए। इसकी स्क्रूटनी हो चुकी है। गौरतलब है कि देशभर में करीब 30 हजार से अधिक पदों पर पॉपुलर कैटेगरी में भर्ती होगी। इसके लिए रेलवे को आवेदन ड़ेढ करोड़ आवेदन मिले। फार्म की स्क्रूटनी के बाद कुछ फार्म रिजेक्ट भी हुए।
15 दिन
पहले मिलेंगे एडमिट कार्ड
शिक्षाविदों ने बताया कि परीक्षा कब आयोजित होगी यह तय नहीं है। लेकिन परीक्षा होने के करीब 15 दिन पहले एडमिट कार्ड जारी होंगे। ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाएगी, इसलिए प्रवेश पत्र भी ऑनलाइन जारी हो सकते हैं। भर्ती परीक्षा से संबंधित सूचना रेलवे की अधिकृत वेबसाइट www.rrbcdg.gov.in पर जारी होगी।
एक साथ होगी भर्ती
रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन मास्टर, टीसी, गुड्स गार्ड समेत पॉपुलर कैटेगरी के अन्य पदों के लिए एक साथ भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा आॅनलाइन होगी। संभावना है कि अप्रैल में परीक्षा एजेंसी तय हो जाएगी। इसके अनुसार फिर मई में भर्ती परीक्षा हो सकती है। एनटीपीसी के तहत हजारों पद पर भर्ती होगी। इस कैटेगरी के तहत ही बिलासपुर जोन में करीब ग्यारह सौ पद हैं। इनके लिए जोन को करीब 4 लाख आवेदन मिले हैं।