बंद हों शराब दुकानें : टेकामअभी जरूरत नहीं : लखमा
कोरोना वायरस के कारण एक तरफ सरकार ने स्कूल- कालेज के साथ ही भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों को बंद करने आदेश दे दिया है। तो दूसरी तरफ सोशल मीडिया में शराब दुकानों को बंद करने को लेकर लगातार पोस्ट हो रहे हैं। सोशल मीडिया में छिड़ी बहस के बीच इस मामले में प्रदेश के दो मंत्री आमने सामने आ गए हैं। मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने जहां सरकार के स्तर पर चर्चा कर शराब दुकानों को बंद करने की बात कही वहीं, आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने इसे राजनीतिक मुद्दा बताते हुए कहा कि अभी इसकी कोई जरूरत नहीं है।
शिक्षा मंत्री टेकाम ने शराब दुकानों को भी बंद करने का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार कोरोना को लेकर गंभीर है। स्कूल -कालेज बंद किया गया है। सभी भीड़- भाड़ वाले स्थानों के लिए ऐसा निर्देश जारी किया है। जहां तक शराब दुकानों की बात है तो इसके लिए चर्चा करनी होगी। वैसे उसे भी बंद किया जाना चाहिए। दूसरी तरफ, आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि कोरोना वायरस से पूरा देश चिंतित है। हमारे सीएम और मंत्रिमंडल की इस पर पूरी नजर है। शराब दुकानों को बंद करने को लेकर सोशल मीडिया में छिड़ी बहस पर मंत्री लखमा ने कहा कि सोशल मीडिया में इस तरह की चीजें कौन वायरल करता है। ये बीजेपी के लोग है। उन्होंने कहा शराब दुकान ही क्यों कपड़ा दुकान, मॉल, मंदिर, मस्जिद में सभी जगह भीड़ रहती है। हर जगह सरकार की पूरी नजर है। मंत्री टेकाम, मंत्रिमंडल के सदस्य हैं। हमारी सरकार गंभीरता से निर्णय लेती है। समय आएगा तो देखेंगे। आम आदमी कोई परेशान नहीं है। अभी जल्दबाजी करने की जरूरत नहीं है। जब इस तरह की जरूरत होगी तब देखा जाएगा।