- Hindi News
- National
- Raipur News Chhattisgarh News Cm Returns From Delhi Meeting To Rescue From Corona Instructions To Avoid Crowd
दिल्ली से लौटे सीएम ने कोरोना से बचाव के लिए ली बैठक, भीड़ से बचने िनर्देश
स्कूल-कॉलेजों को 31 मार्च तक बंद करने कहा
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार को दिल्ली से लौटते ही अपने निवास में कोरोना वायरस से निपटने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को कोरोना वायरस से बचाव के लिए किए गए इंतजामों की नियमित समीक्षा व निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। भारत सरकार की कोरोना वायरस के संबंध में जारी की गई एडवाइजरी पर में बैठक में प्रदेश में परीक्षाओं को छोड़कर सभी स्कूल और कॉलेजों को आगामी 31 मार्च तक बंद करने का निर्णय लिया गया। परीक्षाएं अपने निर्धारित समय-सारणी के अनुसार आयोजित की जाएंगी। बैठक में लोगों को सजग और जागरूक रहने तथा शासकीय कार्यक्रमों में भीड़-भाड़ से बचने की हिदायत भी दी गई। कोरोना से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का व्यापक प्रचार-प्रसार भी करने के निर्देश मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों को दिए है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में कोरोना वायरस से निपटने के लिए संपूर्ण तैयारियां सुनिश्चित की गई है। पूर्व में ही कार्यालयों में 31 मार्च तक बायोमेट्रिक उपस्थिति पर रोक लगा दी गई है। कोरोना वायरस के संबंध में केन्द्र सरकार और विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा जारी निर्देशों का लगातार नियमित रूप से सभी माध्यमों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। कोरोना को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित रूप से बुलेटिन भी जारी किया जा रहा है। विभागीय अमले द्वारा इस पर पूरी नजर रखी जा रही है और नियमित रूप से एडवाइजरी जारी कर लोगों को इससे बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। बैठक में कृषि मंत्री रवींद्र चौबे, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, मुख्य सचिव आरपी मंडल, सहित अन्य वरिष्ठ विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।