- Hindi News
- National
- Raipur News Chhattisgarh News Dental Stipend Increased By Two And A Half Thousand From Pg Students Will Be Available From This Month
मेडिकल के पीजी छात्रों से ढाई हजार ज्यादा हुआ डेंटल का स्टायपेंड, इसी माह से मिलेगा
अब डेंटल के डॉक्टरों को 1.80 लाख वेतन
सरकारी डेंटल कॉलेज के डॉक्टरों को अब हर माह 61 हजार से 1.80 लाख रुपए वेतन दिया जा रहा है। यह वेतन पं. जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज व अंबेडकर अस्पताल में सेवाएं दे रहे नियमित व संविदा डॉक्टरों के बराबर है। मेडिकल कॉलेज को छोड़कर डीकेएस व डेंटल में डॉक्टरों का वेतन बढ़ने से अंबेडकर अस्पताल के विशेषज्ञ व सुपर स्पेश्लिस्ट डॉक्टर भी वेतन बढ़ने के इंतजार में है।
रायपुर | राज्य शासन ने गुरुवार को डेंटल कॉलेज के पीजी छात्रों का स्टायपेंड बढ़ा दिया है। अब डेंटल के पीजी छात्रों को मेडिकल के पीजी छात्रों से 550 रुपए से लेकर 2220 रुपए महीना ज्यादा स्टायपेंड मिलेगा। आदेश के अनुसार डेंटल के फर्स्ट ईयर वालों को हर माह 53550, सेकंड ईयर को 56700 रुपए व फाइनल ईयर वालों को 59220 रुपए मिलेगा। वहीं मेडिकल पीजी के छात्रों को हर माह 53 हजार से लेकर 57 हजार रुपए मिल रहा है। वहीं मेडिकल इंटर्न को हर माह 12 हजार जबकि डेंटल इंटर्न को 12600 रुपए मिलेगा। पहले यह 8000 रुपए प्रतिमाह था। शासन ने डेंटल कॉलेज के संविदा डॉक्टरों के वेतन के बाद पीजी छात्रों का स्टायपेंड बढ़ाया है। बढ़ा हुआ स्टायपेंड मार्च से ही मिलने लगेगा। डेंटल कॉलेज में पीजी की कुल 18 सीटें हैं। वहीं बीडीएस की 100 सीटें हैं। इतने ही छात्र बीडीएस कोर्स पूरा होने के बाद इंटर्नशिप करते हैं। उन्हें बढ़े हुए स्टायपेंड का फायदा मिलेगा। दूसरी ओर मेडिकल शिक्षा के जानकार लोगों का कहना है कि शासन जिस तरह डेंटल कॉलेज के डॉक्टरों व पीजी छात्रों पर मेहरबान है, वैसे ही मेडिकल कॉलेज पर होना चाहिए। लंबे समय से नेहरू मेडिकल कॉलेज के नियमित व संविदा डॉक्टरों का वेतन नहीं बढ़ा है।
इंटर्न छात्रों से भी 600 ज्यादा मिलेगा, शासन ने जारी किया आदेश