- Hindi News
- National
- Raipur News Chhattisgarh News For The First Time In 20 Years Three Women Mps In The Rajya Sabha From The State
20 साल में पहली बार राज्यसभा में प्रदेश से तीन महिला सांसद
अब फूलो देवी के चुने जाने से बढ़ जाएगा राज्य से महिला प्रतिनिधित्व
छत्तीसगढ़ बनने के बीस साल बाद राज्यसभा में तीन महिलाओं का प्रतिनिधित्व होगा। कांग्रेस से छाया वर्मा और भाजपा से सरोज पांडेय पहले ही राज्यसभा में सदस्य हैं। अब फूलो देवी नेताम कांग्रेस से राज्यसभा से दूसरी सदस्य होंगी। अब लोकसभा व राज्यसभा में कांग्रेस सदस्यों की संख्या तीन हो जाएगी। लोकसभा में ज्योत्सना महंत हैं।
कांग्रेस से मोहसिना किदवई राज्यसभा से इकलौती महिला सदस्य थीं। बाकी चार पदों पर दोनों दलों से पुरुषों को महत्व मिलता रहा है। पहला मौका होगा, जब पांच सदस्यों में से तीन महिलाएं होंगी। बता दें कि जिन दो सीटों के लिए चुनाव होने हैं, उनमें एक पर कांग्रेस और दूसरी सीट पर भाजपा काबिज है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा और भाजपा के रणविजय सिंह जूदेव का कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन भरने का अंतिम दिन शुक्रवार को है। 16 मार्च को नामों की स्क्रूटनी और 18 मार्च तक नाम वापस लिए जाएंगे। 26 मार्च को चुनाव होना है और उसी दिन शाम में मतों की गिनती भी पूरी कर ली जाएगी। बता दें कि पहली बार भाजपा विधानसभा में महज 14 सीटों पर सिमट गई है। यही वजह है कि भाजपा ने राज्यसभा के लिए अपना उम्मीदवार भी तय नहीं किया है। इस संबंध में पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने पहले ही स्पष्ट किया था कि राज्यसभा के संबंध में केंद्रीय नेतृत्व निर्णय करेगा।
विस के नतीजे से पहले ही तय था नाम
फूलो देवी का नाम दिसंबर-18 में पीसीसी चीफ रहते हुए भूपेश बघेल ने तय कर दिया था। विधानसभा चुनावों की गिनती से पहले कई दिग्गज नेता दिल्ली में जुटे थे। इनमें मोहन मरकाम, दीपक बैज, रेखचंद जैन सहित बस्तर के कई नेता थे। सभी छत्तीसगढ़ भवन में संभावित नतीजों पर चर्चा कर रहे थे। इसके बाद सभी पीएल पुनिया और सोनिया गांधी से मिलने जा रहे थे। तभी बघेल ने कहा था कि बस्तर से दीपक बैज लोकसभा और फूलो राज्यसभा सांसद रहेंगी।
अच्छा काम करके दिखाऊंगा : तुलसी
राज्यसभा के लिए अपने नामों का घोषणा पर फूलोदेवी और केटीएस तुलसी ने खुशी जताई है। साथ ही, कांग्रेस हाईकमान का आभार जताया है। अपने चयन पर तुलसी ने कहा कि उत्तर के आदमी को दक्षिण और दक्षिण के व्यक्ति को उत्तर से, इससे कल्चर मजबूत होता है। यही भारत की खूबी भी है। तुलसी ने कहा कि वे हाईकमान के आभारी हैं। उनका सौभाग्य है कि छत्तीसगढ़ से चुनकर जा रहे हैं। अच्छा काम कर के दिखाएंगे। छत्तीसगढ़ देश की शान है।