- Hindi News
- National
- Raipur News Chhattisgarh News Immediate Tanker For Water Police On Call In 5 Minutes
पानी के लिए तुरंत टैंकर, काॅल पर 5 मिनट में पुलिस
चौबीसों घंटे चलेगा बिजली काॅल सेंटर
बिजली संबंधी शिकायत के लिए बिजली कंपनी का काॅल सेंटर 1912 दिन-रात चालू रहेगा। शहर के शिकायत केन्द्रों सिविल लाइंस 2574711, शंकर नगर सबस्टेशन 2574777, दलदलसिवनी 2574771, गंज तेलघानी नाका 2574797, नयापारा 2574797, बूढ़ापारा 2574774, शास्त्री चौक जोन कार्यालय 2574773, रावणभाठा जोन कार्यालय 2574738, डीडी नगर सबस्टेशन 2574415, लाखेनगर जोन 2574799, टिकरापारा जोन 2576214, टाटीबंध जोन 2574755, भनपुरी जोन 2574788, उरला सबस्टेशन के पास 2574867, में उपलब्ध दूरभाष नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। बिजली कंपनी के चेयरमैन शैलेंद्र शुक्ला ने कहा कि लोग किसी भी समय शिकायत कर सकेंगे। मैदानी अमला हर पल मुश्तैद रहेगा।
फायर-एंबुलेंस
डायल-112 पर
होली के दौरान शहर में कहीं आगजनी की घटना होने या दुर्घटना इत्यादि पर एंबुलेंस बुलाने के लिए डायल-112 का उपयोग किया जा सकता है। इस एक कॉल पर ही दोनों तरह की सुविधाएं मिलेंगी। इसी नंबर पर पुलिस भी भी मदद मिलेगी। इमरजेंसी में डायल-112 के अलावा 94791-91099, 94791-91002, 94791-91003 और 94791-91005 में कॉल कर सकते हैं। पुलिस और संबंधित विभाग के जिम्मेदार मौके पर पहुंचेंगे।
रंगों से एलर्जी पर
तुरंत इलाज
एम्स और अंबेडकर अस्पताल के ट्रामा सेंटर तथा डीकेएस की बर्न यूनिट में मंगलवार को सुबह से रात तक इमरजेंसी के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। ट्रामा सेंटर में प्लास्टिक सर्जन व स्किन रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। प्लास्टिक सर्जन डॉ. कमलेश अग्रवाल व स्किन रोग विशेषज्ञ डॉ. विनोद कोसले ने बताया कि बाजार में कई तरह के कलर बिक रहे हैं, जिसका उपयोग लोग होली में करते हैं। हर साल क्लीनिकल बर्न के केस आते हैं।
टायर समेत प्लास्टिक प्रोडक्ट को हटवाया होलिका से
गाड़ियों के साथ पुलिस की पैदल गश्त
होली के लिए राजधानी में पुलिस के 1200 जवान तैनात रहेंगे। इसमें 400 से ज्यादा महिला पुलिस होंगी। 400 से ज्यादा पुलिस अधिकारी और जवान बाहर से बुलाए गए है। सभी को 9 सेक्टरों में बांट दिया गया है। प्रत्येक सेक्टर में एएसपी और डीएसपी रैंक के दो-दो अधिकारी तैनात रहेंगे। अफसरों का दावा है कि शहर के भीतर कहीं भी घटना या विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस और डायल-112 की टीम पांच मिनट में पहुंचेगी। हर थाने में चार-चार गश्त पार्टी रहेगी। हर टीम में 5 से ज्यादा पुलिस वाले रहेंगे। ग्रामीण इलाके में पुलिस का रिस्पांस टाइम 20-25 मिनट रखा गया है। गांव में कोटवार की मदद ली जा रही हैं, जो ग्रामीण पुलिस की भूमिका में रहेंगे। गली-मोहल्ले में गश्त के लिए बाज पेट्रोलिंग बनाई गई है। इसमें बाइक वाले रहेंगे। इसके अलावा पैदल गश्त पार्टी भी बनाई गई है।
होलिका दहन में लकड़ी, टायर, कपड़े या अन्य चीजों का इस्तेमाल न हो इसलिए प्रशासन और निगम अफसरों की टीम ने शहरभर में घूमकर देखा कि होलिका दहन में ज्यादा से ज्यादा गौकाष्ठ (गोबर के कंडों) का उपयोग किया जाए। कलेक्टर ने निगम कमिश्नर को पहले ही इस संबंध में चिट्ठी लिखकर कहा था कि यह तय कर लिया जाए कि होलिका दहन में लकड़ी का उपयोग न हो। होलिका दहन होने से पहले ही निगम कर्मचारियों ने जिन-जिन वार्डों में होलिका की तैयारी हो गई थी वहां पहुंचकर होलिका दहन के ढेर से टायर, कपड़े, कचरा, प्लास्टिक और अपशिष्ट सामान को बाहर किया। कई जगहों पर निगम की ओर से लोगों को गौकाष्ठ उपलब्ध भी कराया गया।
होली में सुविधा और सुरक्षा... बिजली गुल हुई तो सुधार 10 मिनट में, सारी इमरजेंसी सहूलियतें अाज शाम तक मिलेंगी एक काॅल पर
{ पूरे शहर में 1200 हथियारबंद जवानों को लगाया गया सुरक्षा में
{ सभी इमरजेंसी सुविधाओं के फोन नंबर जारी कर दिए प्रशासन ने
{ बिजली दफ्तरों में किसी भी समय काॅल करने पर पहुंचेगी गाड़ी
भास्कर टीम | रायपुर
होली पर्व पर लोग जोश और उत्साह से त्योहार मना सकें और इसमें किसी तरह का व्यवधान न हो, इसके लिए सरकारी एजेंसियों ने अगले 24 घंटे के लिए चाक-चौबंद इंतजाम कर दिए हैं। प्रशासन ने दावा किया कि शहर की सुरक्षा के लिए 1200 जवान लगाए गए हैं। कंट्रोल रूम में काॅल करने पर किसी की भी मदद के लिए 5 मिनट के भीतर नजदीकी पेट्रोलिंग गाड़ी पहुंच जाएगी। होली में पानी सप्लाई प्रभावित न हो, इसके लिए टंकियों में अतिरिक्त पानी भरा जाएगा और सुबह-शाम नल निर्धारित समय पर ही खुलेंगे, लेकिन फोर्स ज्यादा रहेगा क्योंकि शहर के 1 करोड़ लीटर ज्यादा पानी (10 एमएलडी, कुल 210 एमएलडी) सप्लाई करने की तैयारी है। बिजली गुल होने की दशा में 10 मिनट में सुधार के लिए बिजली अमला पहुंचेगा। मदद के लिए बिजली महकमे ने शहर के हर बिजली दफ्तर का लैंडलाइन नंबर जारी कर दिया है।
होली के लिए नगर निगम की ओर से सुबह शाम नियमित समय पर पानी की सप्लाई की जाएगी। एक से सवा घंटे की सप्लाई में लोगों के घरों में पर्याप्त पनी पहुंच जाएगा। निगम के अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू ने कहा कि लगभग 210 एमएलडी पानी की सप्लाई की जाएगी। यदि किसी इलाके मंे पानी की किल्लत हुई तो टैंकरों के जरिए पानी की व्यवस्था की जाएगी। जल विभाग के अध्यक्ष सतनाम पनाग ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि रैन डांस इत्यादि के लिए पानी की व्यक्तिगत सप्लाई न की जाए।
राजधानी में त्योहार के दौरान शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजधानी पुलिस ने सोमवार को दोपहर करीब 1 बजे प्रमुख सड़कों पर फ्लैग मार्च किया। पुलिस ने 40 गाड़ियों के काफिले के साथ मार्च किया और जगह-जगह रुककर सुरक्षा इंतजाम का जायजा लिया। इस मार्च में राजधानी का चीता स्क्वाड और बाइक स्क्वाड भी मौजूद था। मार्च की शुरुअात पुलिस लाइन से हुई। एसएसपी आरिफ शेख और एएसपी सिटी प्रफुल्ल ठाकुर की अगुवाई में पुलिस का 40 गाड़ियों का काफिला लाइन से निकलकर चांदनी चौक नेहरु नगर, पुराना भाठागांव बाजार, टिकरापारा, मठपारा, सुंदर नगर, डंगनिया, पुरानी बस्ती, आजाद चौक, समता कॉलोनी, चौबे कॉलोनी, गुढियारी, फाफाडीह, देवेंद्र नगर, लोधीपारा, शंकर नगर, तेलीबांधा, राजेंद्र नगर, सिविल लाइंस, बैरनबाजार होते हुए वापस पुलिस लाइन पहुंचा। फ्लैग मार्च में अत्याधुनिक हथियारों से लेस जवान शामिल थे। बाद में इन्हें अलग-अलग जगह ड्यूटी पर तैनात कर दिया गया।
पुलिस का फ्लैग मार्च, होलिका में लकड़ी-कंडों का ही दहन
अनुमति 110 की, दहन 1100 से ज्यादा
शहर में छोटी-बड़ी 1100 से ज्यादा होलिका का दहन किया गया। इसमें 556 से ज्यादा बड़ी होलिका थी। पुलिस-प्रशासन के पास केवल 110 होलिका दहन की ही अनुमति ली गई थी। बाकी लोगों ने अनुमति नहीं ली। प्रशासन ने किसी पर कोई कार्रवाई नहीं की। सभी को दहन करने दिया गया। लगभग सभी मोहल्लों में होलिका दहन होने की वजह से पुलिस ने कोई सख्ती नहीं की। पुलिस ने रात 10 बजे तक सभी जगहों पर होलिका दहन पूरा करवा दिया। इसकी जिम्मेदारी संबंधित थानेदारों को दी गई थी, जो घूम-घूमकर होलिका दहन कराते रहे।
बाजार रहे गुलजार, होती रही खरीदारी
होली में पिचकारियां, रंग, गुलाल और पूजा की सामग्री खरीदने के लिए लोगों की भीड़ सुबह से ही बाजारों में दिखाई दी। गोलबाजार, मालवीय रोड, सत्ती बाजार, आमापारा, पंडरी, मोवा आदि जगहों पर लोग खरीदारी करते रहे। सड़कों के किनारे नगाड़ों की खरीदारी भी खूब रही। बाजार में कोरोना का असर कहीं भी दिखाई नहीं दिया। लोग बिना मास्क के ही बेफिक्र होकर परिवारवालों के साथ खरीदारी की। इस दौरान मिठाई दुकानों में भी लोगों की भीड़ लगी रही। हालांकि शहर के बड़े शो रूम दोपहर बाद बंद होने लगे।