- Hindi News
- National
- Raipur News Chhattisgarh News Kareena In Sadhana Aradhana Mahadev Wore A Mask And Now A Clove With Mishri In Prasad
साधना-अाराधना में काेराेना... महादेव ने मास्क पहना तो प्रसाद में अब मिश्री के साथ लौंग भी
रोज कोराेना पीड़ितों की संख्या बढ़ती जा रही है। इस महामारी ने अब तक दुनियाभर में साढ़े 5 हजार से ज्यादा लोगों की जान ले ली है। मंदिर-देवालयों में भी अब इसका असर दिखने लगा है। काशी विश्वनाथ की तरह नहरपारा के नीलकंठेश्वर मंदिर में महादेव को मास्क पहनाया गया है। इतना ही नहीं, पूजा करने आए भक्तों से यह अपील भी की जा रही है कि वे शिवलिंग या अन्य विग्रहों को छूकर पूजा न करें। खुद भी मास्क का इस्तेमाल करें। वहीं, बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में भी भक्तों को अब प्रसाद में मिश्री के साथ लौंग देने का निर्णय लिया गया है। मंदिर ट्रस्ट का कहना है, चूंकि लौंग की तासीर गर्म होती है और कोराेना गर्मी में नष्ट हो जाता है। इसीलिए ऐसा किया जा रहा है। साथ ही यह निर्णय भी लिया गया है कि जब तक महामारी खत्म नहीं हो जाती, भक्तों को प्रसाद में कटे हुए फलों की जगह पूरा फल दिया जाएगा। मस्जिदों और गिरजाघरों में भी विशेष प्रार्थनाएं की जा रहीं हैं। ब्राह्मण समाज समेत कई समाजों ने होली मिलन समारोह समेत सभी बड़े आयोजन भी रद्द कर दिए हैं। जानिए काेरोना से बचाव के लिए कहां कैसे उपाय अपनाए जा रहे हैं...
भगवान शिव को मास्क पहनाकर भक्तों को जागरूकता का संदेश दे रहे ताकि वे भी मास्क पहनें।
सिंधी समाज... चेट्रीचंड्र के सभी कार्यक्रम रद्द
सिंधी समाज की बैठक शनिवार को शंकर नगर स्थित सिंधु पैलेस में रखी गई थी। यहां झूलेलाल महोत्सव के अंतर्गत आयाेजित होने वाले सभी बड़े कार्यक्रम रद्द करने का फैसला लिया गया। बता दें कि 16 मार्च को विशाल महिला स्कूटर रैली और 22 मार्च को इंडोर स्टेडियम में चेट्रीचंड्र जो मेलो का आयोजन किया गया था।
पीअाईएसएफ... एडवाइजरी मानने की अपील
भाजपा मंगलवार काे आयोजित होली मिलन में कोरोना से बचाव को लेकर चर्चा होगी। इधर, पीआईएसएफ के चेयरमेन नितिन भंसाली ने लोगों से अपील की है कि वे सरकार की एडवाइजरी का कड़ाई से पालन करें। उन्होंने कहा, कोरोना से डरें नहीं। बचाव के लिए सुरक्षा के निर्देशों का पालन करें।
महामृत्युंजय का जाप क्योंकि इससे टलती है अकाल मृत्यु
नहरपारा के महादेव मंदिर में 11 पंडितों का दल लगातार तीन दिन से महामृत्युंजय का अखंड जाप कर रहे हैं। नीलकंठ सेवा संस्था के अध्यक्ष नीलकंठ त्रिपाठी ने बताया कि महामृत्युंजय के जाप से अकाल मृत्यु टलती है। किसी को कोरोना न हो, इस कामना के साथ अनुष्ठान कर रहे हैं। महादेव को मास्क पहनाने की वजह यह है कि आम दिनों में भी भगवान का शृंगार और खान-पान सामान्य मनुष्यों की तरह ही होता है। आज देश में जो माहौल है, उसे देखते हुए भगवान को भी मास्क पहनाया गया है।
मसीही... दुनिया महामारी से बचे इसलिए विशेष प्रार्थनाएं
प्रभु यीशु के बलिदान की याद में ईसाई समाज के घरों और चर्चों में प्रभु यीशु की आराधना का सिलसिला जारी है। साथ में 40 दिन का उपवास भी चल रहा है। इस बीच रोज अलग-अलग घरों में जाकर बाइबिल का पाठ भी किया जा रहा है। दुनियाभर में अब तक जितने लोगों की इस महामारी के चलते मृत्यु हो गई है, उन्हें मसीहीजनों ने अलग-अलग धर्मसभाओं में श्रद्धांजलि भी दी है। अनुपम गार्डन के पास स्थित सेंट मैथ्यूस चर्च में रविवार को मास्क का निशुल्क वितरण भी किया जाएगा।
मुस्लिम... घर-दुकान के दरवाजों पर लिख रहे दुआएं
कोराेना महामारी से बचाव के लिए मुस्लिम धर्मगुरुओं द्वारा खास दुआ जारी की गई है। यह दुआ अरबी में लिखी हुई है जिसमें लोगों को कोरोना से बचाने के संबंध में बातें लिखी हुई हैं। मुस्लिम समाज के लोग इसके पंपलेट और स्टीकर बनवाकर अपने घर-दुकान की दीवारों और दरवाजों पर चस्पा कर रहे हैं। शहर के मुस्लिम बहुल इलाकों में इस तरह के पंपलेट आपको देखने के लिए मिल जाएंगे। इसके अलावा मस्जिदों में भी लोग अल्लाह से दुआ कर रहे हैं कि दुनियाभर के लोगों को इस महामारी से बचाएं।