- Hindi News
- National
- Raipur News Chhattisgarh News Material Seized By Stopping Work On Illegal Construction
अवैध निर्माण पर कार्रवाई तेजकाम रोककर सामग्री भी जब्त
आवासीय नक्शा स्वीकृत कराकर कामर्शियल और नक्शे के विपरीत निर्माणों पर निगम अब सख्त हो गया है। सोमवार को निगम ने अमलीडीह में नक्शे के विपरीत बन रहे एक मकान का निर्माण न सिर्फ रुकवाया, बल्कि वहां पड़ी निर्माण सामग्री भी जब्त कर ली है। इसी तरह, एक दस्ते ने शंकरनगर के अासपास सड़क किनारे के ठेले-खोमचे भी हटा दिए हैं।
नगर निगम कमिश्नर ने सभी जोन कमिश्नरों को अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके तहत जोन-4 के दस्ते ने अमलीडीह इलाके में चल रहे निर्माण को इसलिए रुकवाया, क्योंकि वहां स्वीकृत नक्शे से ज्यादा हिस्से में भवन बनाया जा रहा था। इसे रोकते हुए निगम ने भवन निर्माण सामग्री सील कर दी है। यही नहीं, निगम ने संबंधित मकान मालिक को नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने कहा गया है। इसी तरह, निगम के जोन-6 के अमले ने पेंशनबाड़ा में एक स्कूल के पास नियम विपरीत बनाए जा रहे भवन का निर्माण रुकवा दिया है। मौके पर पहुंचे निगम के टाउन प्लानिंग दस्ते ने भवन निर्माण सामग्री जैसे ईंट, रेत, गिट्टी भी जब्त कर ली और संबंधित भूमि स्वामी को नोटिस देकर दस्तावेज मंगाए गए हैं।
सड़क से हटाए ठेले-खोमचे : निगम अमले ने जोन-2 ने शंकरनगर क्षेत्र के शक्ति नगर मेन रोड पर सड़क के कब्जे हटाने की कार्यवाही की। ऐसे ठेले-खोमचों को हटा दिया गया, जिन्होंने सड़क पर कब्जा कर कारोबार शुरू कर दिया था। यही नहीं, दुकानों का विज्ञापन करने लगाये गये ऐसे बोर्ड भी मजदूरों की मदद से हटाए गए, जो सड़क पर बाधा बन रहे थे।