- Hindi News
- National
- Raipur News Chhattisgarh News Racists Start Meeting Ravi39s Campus This Month For 16 Ngo Interviews
रविवि कैंपस से मिलने लगीं नाैकरियां इस माह 16 से एनजीअो के लिए इंटरव्यू
पं.रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कैंपस में प्लेसमेंट की गतिविधियां दिखने लगी हैं। पिछले महीने एक प्राइवेट बैंक में यहां के चार स्टूडेंट्स को नौकरी मिली। इस महीने फिर एक एनजीओ विवि आएगा। इसके लिए विवि में 16 से 18 मार्च तक कैंपस इंटरव्यू आयोजित किया गया है। इसमें पीजी के स्टूडेंट्स भाग ले सकेंगे। यूनिवर्सिटी में प्लेसमेंट दिखने लगा है लेकिन इस मामले में कॉलेजों की हालत अब भी खराब है।
शिक्षाविदों ने बताया कि उच्च शिक्षा से जुड़े राज्य में करीब ढ़ाई सौ सरकारी कॉलेज हैं इसमें से 25 ही कॉलेज ऐसे हैं जहां प्लेसमेंट सेल है। अधिकांश कॉलेजों में न तो प्लेसमेंट सेल गठित किया गया है और न ही करियर गाइडेंस के लिए ही कोई व्यवस्था है। जिन कॉलेजों में प्लसेमेंट सेल भी है वहां भी अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। रविवि के अधिकारियों ने बताया कि विवि कैंपस में पिछले साल भी कई कंपनियां आई थी। छात्रों के लिए अवसर उपलब्ध कराया गया। कई छात्रों का चयन भी हुआ। इसके अलावा पिछले साल ही विवि में करियर गाइडेंस के तहत ही स्टॉफ सेलेक्शन कमिशन के तहत होने वाली परीक्षाओं के संदर्भ में वर्कशॉप का आयोजन किया गया था। यह भी छात्रों के लिए काफी फायदेमंद रहा।
लेकिन कई कॉलेजों में प्लेसमेंट सेल तक नहीं बनाए
कॉलेजों में भी प्लेसमेंट सेल जरूरी
शिक्षाविदों का कहना है कि पिछले कुछ बरसों में सरकारी कॉलेजों की संख्या बढ़ी है। करीब ढ़ाई सौ कॉलेज हो चुके हैं। लेकिन अधिकांश में प्लेसमेंट सेल नहीं है। इसका गठन होना चाहिए। इस दिशा में कॉलेजों को खुद प्रयास करना चाहिए। ताकि छात्रों को पढ़ाई के बीच में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सके। इसके अलावा कॉलेजों में करियर गाइडेंस की व्यवस्था भी होनी जरूरी है।
बाहर जाने से बचते हैं
शिक्षाविदों का कहना है कि प्लेसमेंट से लिए रविवि के अलावा, बड़े सरकारी कॉलेजों में भी कंपनियों को बुलाया जाता है। विभिन्न पदों के लिए इंटरव्यू होते हैं। छात्रों का चयन भी होता है लेकिन दूसरे राज्य जाने के चलते छात्र नौकरी ही ज्वाइन नहीं करते। इसलिए बाद में परेशानी होती है। फिर वही कंपनी आने को तैयार नहीं होती। इसलिए छात्रों को भी मानसिकता बदलती चाहिए।
25 से 30 हजार तक सैलरी
रविवि के अधिकारियों ने बताया कि 16 से 18 मार्च को विवि में कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। एसोसिएट पद के लिए यह इंटरव्यू होगा। इसकी सैलरी प्रतिमाह 25 से 30 हजार रुपए है। इसमें न सिर्फ फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ, बॉटनी, जूलॉजी के छात्र बल्कि हिंदी, इंग्लिश, भूगोल, एंथ्रोपोलॉजी, इतिहास, समाज शास्त्र समेत अन्य विषय से पीजी करने वाले छात्र भी कैंपस इंटरव्यू में शामिल हो सकते हैं। इस संबंध में विवि के प्लेसमेंट सेल के अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।
एग्रीकल्चर से जुड़ी कंपनी के लिए 20 चयनित | इंदिरा गांधी कृषि विवि में भी कुछ दिन पहले एग्रीकल्चर से जुड़ी नागपुर की एक कंपनी के लिए इंटरव्यू आयोजित किया गया था। 20 पदों के लिए 80 छात्र चयन प्रक्रिया में शामिल हुए। अब 20 छात्रों का चयन कर लिया गया है। विवि के अफसरों का कहना है कि कंपनी से छात्रों के चयन से संबंधित सूचना प्राप्त हो चुकी है। इनकी एक सप्ताह ट्रेनिंग होगी इसके बाद वे संबंधित पद पर ज्वाइन करेंगे।