- Hindi News
- National
- Raipur News Chhattisgarh News Tax Evasion Crime Money Caught In Raids Will Develop Country Anurag Thakur
टैक्स चोरी अपराध, छापों में पकड़े गए पैसाें से देश का विकास होगा : अनुराग ठाकुर
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री के रूप में पहली बार राजधानी पहुंचे अनुराग ठाकुर सोमवार को कहा कि छापों में पकड़ी गई रकम को देश के विकास में लगाया जाता है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ आयकर विभाग कोई कार्रवाई करता है तो पूरी जानकारी के बाद ही करता है। इन छापों की जानकारी किसी को नहीं होती। इनकम टैक्स चोरी देश के साथ अन्याय है। जो गलत करता है, उसके खिलाफ कार्रवाई होती है। छापामारी विभाग के अधिकारियों का काम है।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि व्यापारी वर्ग सहित हर व्यक्ति को ईमानदारी से टैक्स अदा चाहिए। टैक्स के पैसे से देश की उन्नति और विकास का मार्ग प्रशस्त होता है। टैक्स चोरी एक अपराध है, भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई नियमित प्रक्रिया है। इसका हर किसी को समर्थन करना चाहिए। केन्द्रीय मंत्री ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए सही कदमों की वजह से जो महंगाई यूपीए के कार्यकाल में 12 प्रतिशत थी अब वह 4 प्रतिशत रह गई है। भारत की इकोनॉमी 5 ट्रिलियन तक बनाने की ओर ये कदम उठाया जा रहा है।मोदी सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए ठाकुर ने कहा कि हमने सही दिशा में कदम उठाए हैं। व्यापारियों के लिए हमने टैक्स परसेंट कम किया है। लगातार लोग टैक्स से जुड़ रहे हैं। ठाकुर ने कहा कि विकासपरक नीतियों के कारण ही हम पांच ट्रिलियन इकॉनामी की आेर बढ़ रहे हैं।
जनता को गुमराह करने देश में निकले हैं मोदी के युवा मंत्री : कांग्रेस
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के बयान पर कांग्रेस ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि मोदी सरकार के मंत्री देश की जनता को गुमराह करने निकले हुए हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि वे देशभर में घूम-घूम कर फर्जी आंकड़ों और जुमलेबाजी के सहारे देश की गिरती अर्थव्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी, बदहाल किसान, चौपट होते व्यापार-व्यवसाय, डूबते बैंक एवं बिकते सरकारी उपक्रमों से जनता का ध्यान हटाने की मुहिम चला रहे हैं। ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में बिना सोचे समझे लागू की गई नोट बंदी एवं आधी अधूरी तैयारी से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मोदी सरकार द्वारा लगाई गई जीएसटी क्रांतिकारी नहीं बल्कि गब्बर सिंह टैक्स है। वर्तमान में मोदी सरकार के पास कोई ऐसा रोड मैप नही है जिस पर जनता भरोसा करे कि आने वाले दिनों में इससे अर्थव्यवस्था को संभालने, रोजगार उत्पन्न करने, महंगाई कम करने, व्यापार-व्यवसाय को मजबूत होने में मदद मिलेगी। आम जनता की क्रय शक्ति को बढ़ाने योजना बनाए। चंद भाजपा समर्थित उद्योगपतियों के लिए देश की जनता पर अत्याचार ना करंे। सरकार की जन विरोधी नीतियों, मनमानी के खिलाफ खड़े होने वालों को डराने धमकाने सीबीआई, ईडी को भेजा रहा है।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं से की मुलाकात
विकास योजनाओं से हासिल करेंगे पांच ट्रिलियन इकोनॉमी
केंद्रीय मंत्री ठाकुर राजधानी में भाजयुमो कार्यकर्ताओं से भी रूबरू हुए। लक्ष्य एक- पीढ़ी अनेक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ भाजयुमो के अब तक के सभी पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर अपने कार्यकाल को याद करते हुए राज्य ईकाई की जमकर तारीफ की। बता दें कि 2011 में वे भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। उस दौर के राज्य ईकाई को याद करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की ईकाई उस दौर में भी सर्वश्रेष्ठ थी और आज भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को केंद्रीय योजनाओं को जनता तक ले जाने की अपील भी की। इस अवसर पर विधायक बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, पूर्व विधायक नवीन मार्कण्डेय सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।