पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Chief Secretary And Principal Secretaries Meeting On Preparation Of Vision 2023

राजौरा तुम सतयुग से कृषि में हो और त्रेता तक रहोगे, पर 2023 का प्लान तो बताओ

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

भोपाल.   चुनावी साल में ‘विजन 2023’ को जनता के सामने रखने की तैयारी को लेकर विभाग प्रमुखों की पहली बैठक गुरुवार को मंत्रालय में हुई। मुख्य सचिव बीपी सिंह के सामने मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव अशोक वर्णवाल व उनकी टीम ने ड्रॉफ्ट पेश किया और विभागों के प्रमुख सचिवों से प्लान व सुझाव मांगे। 


इसी दौरान जब कृषि विभाग की बारी आई तो मुख्य सचिव ने पूछा-कहां हैं एग्रीकल्चर के अफसर। प्रमुख सचिव डॉ. राजेश राजौरा पीछे बैठे हुए थे। मुख्य सचिव ने यह देखकर कहा-‘आप तो सतयुग से कृषि विभाग में हो और त्रेता युग तक रहोगे। आपकी जिम्मेदारी ज्यादा है, इसलिए बताओ क्या करोगे?’ इस पर राजौरा ने कहा कि पूरा रोडमैप तैयार है। इस पर  सभी मुस्कुरा दिए। यहां बता दें कि डॉ. राजौरा को 27 सितंबर 2013 को कृषि विभाग में प्रमुख सचिव पदस्थ किया गया था, तब से वे इसी पद पर हैं।  


सीएस ने तल्ख लहजे में कहा- शगुन के हिसाब से 11 लाख हेक्टेयर कर दो
इसी बीच बात वन विभाग की आई तो बताया गया कि विभाग तीन लाख हेक्टेयर में फॉरेस्ट विकसित करेंगे। मुख्य सचिव ने सवाल उठाया कि इतना कम क्यों, तो अपर मुख्य सचिव केके सिंह ने सफाई देते हुए कहा-यह गलती से तीन लिख गया है। इसे नौ लाख हेक्टेयर माना जाए। इस पर वहां मौजूद अपर मुख्य सचिव व प्रमुख सचिव स्तर के कुछ अधिकारियों ने कहा कि राउंड फिगर में 10 लाख हेक्टेयर कर दिया जाए। यह देख मुख्य सचिव ने तल्ख अंदाज में सभी से कहा, ऐसा नहीं होता कि आप थोड़ी देर बाद बोलो शगुन के हिसाब से 11 लाख हेक्टेयर कर दो। 


वन विभाग अपना प्लान तय करके बताए। मंत्रालय सूत्रों का कहना है कि विजन 2023 (दृष्टि-पत्र) काे तैयार करके मुख्यमंत्री के सामने जल्द से जल्द पेश किया जाना है। इसीलिए सभी विभाग प्रमुखों से कहा गया है कि जो भी बदलाव या सुझाव देने हैं जल्द दिए जाएं। 

तीसरी बार फिर बनेगा पंचवर्षीय दृष्टि-पत्र 
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 2008 के विधानसभा चुनाव के पहले और फिर 2013 के विधानसभा चुनाव से पहले इसी तरह का पंचवर्षीय दृष्टि-पत्र बनवाया था। इसी पर भाजपा का घोषणा-पत्र भी आधारित था। इस बार भी 2018 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री विजन-2023 बनवा रहे हैं। 

 

सोलह सेक्टरों पर नजर, अगली बैठक जल्द 
कृषि और विकास के साथ विजन-2023 में सोलह सेक्टरों को फोकस किया गया है। प्राथमिकता कृषि, विकास, हाउसिंग, आधारभूत सुविधाएं, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, ऊर्जा, शिक्षा, युवा के साथ खेल व पर्यटन को प्रमुखता दी गई है। अगली बैठक जल्द की जाएगी। मुख्य सचिव ने कहा कि हर सेक्टर का ठोस प्लान व रोडमैप होना चाहिए, जिसपर आगे काम किया जा सके।

खबरें और भी हैं...