पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

स्कॉर्पियो की टक्कर से बेटे की मौके पर गई जान, पिता ने अस्पताल में तोड़ा दम

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

बारूण (औरंगाबाद).    शादी का कार्ड बांटने निकले पिता-बेटे को तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। बेटे की मौत घटनास्थल पर ही हो गई जबकि पिता ने सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना काेलकाता-नई दिल्ली हाईवे पर बारूण थाना के प्रीतमपुर गांव के पास की है। मृतकों में राेहतास के अकोढ़ीगोला थाना के तेतराईन गांव निवासी 50 वर्षीय शशिकांत बैठा व उसका 27 वर्षीय बेटा कमलकांत कुमार शामिल हैं। पुलिस को पहले तो शवों के शिनाख्त में थोड़ी परेशानी हुई। लेकिन, फिर जान-पहचान के लोगों द्वारा उनकी पहचान की गई। शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया।

 

घटना को अंजाम देने वाली स्कॉर्पियो को पुलिस ने जब्त कर लिया है। घर में बेटे की शादी की तैयारी जोराें से चल रही थी। रिश्तेदारों को आमंत्रित किया जा रहा था। शादी की खरीदारी भी हो रही थी। बेटे की शादी को लेकर घर में उत्सव सा माहौल था। लेकिन, होनी को कुछ और ही मंजूर था। घटना की सूचना जैसे ही घर पहुंची कि शादी का माहौल गम में तब्दील हो गया।

 

30 अप्रैल को तिलक, 3 मई को होनी थी शादी
मृतक शशिकांत के छोटे बेटे रविकांत की शादी थी। 30 अप्रैल को तिलक चढ़ना था और 3 मई को शादी थी। दोनों कुटुंबा थाना के विजहर गांव स्थित रिश्तेदार के घर शादी का निमंत्रण देने जा रहे थे। एनएच दो पर बारूण के पास डेहरी से आ रही स्कॉर्पियो बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।

 

इलाज के अभाव में जख्मी पिता की गई जान
जख्मी पिता को लोगाें ने सदर अस्पताल भिजवाया। सदर अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया गया। लेकिन अज्ञात होने से उसे बड़े अस्पतालों में नहीं भेजा गया। डेढ़ घंटे तक वह जूझता रहा। समय में उसे बड़े अस्पताल में पहुंचा दिया जाता तो उसकी जान बच सकती थी। 

 

सीवान : दो सड़क हादसों में माले कार्यकर्ता सहित दो की मौत
जिले में बुधवार को सड़क हादसों में माले के कार्यकर्ता सहित दो की मौत हो गई। पहली घटना मुफस्सिल थाना के सिधवल मोड़ तो दूसरी पचरुखी थाना के गोपालपुर की है। सिधवल मोड़ स्थित जीन बाबा के पास बोलेरो ने साइकिल सवार व कबिलपुरा निवासी 55 वर्षीय शिवरतन यादव को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। वह माले का सक्रिय कार्यकर्ता था। पचरुखी के गोपालपुर स्थित शराब फैक्ट्री के पास पिकअप ने एक मानसिक रोगी की जान ले ली।

 

राेहतास : नोखा में बोलेरो की ठोकर से युवक की गई जान
थाना क्षेत्र के आरा सासाराम स्टेट हाइवे पर  सतर बिगहा गांव के पास बुधवार शाम बोलेरो की चपेट में आने से 17 साल के युवक की मौत हो गई। बोलेरो सासाराम से नोखा जा रही थी। मृतक सतर बिगहा गांव के शंकर चौधरी का पुत्र सूकर चौधरी है। धक्का मारने के बाद चालक बोलेरो लेकर भागने में सफल रहा। आक्रोशित लोगों ने आरा सासाराम पथ को जाम कर मुआवजे की मांग करने लगे। सुकर चौधरी बाजार कर अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान हादसा हुआ।

 

दरभंगा : स्काॅर्पियो ने महिला को रौंदा, उग्र भीड़ ने किया जाम
दरभंगा-सकरी पुरानी एनएच पर सदर थाना क्षेत्र अन्तर्गत बिजुली पंचायत के भवानीपुर मठ के निकट बुधवार की सुबह लगभग नौ बजे सिर पर मवेशी के लिए चारा लेकर सड़क पार कर रही महिला को अज्ञात स्काॅर्पियो ने कुचल दिया। इस घटना में बगल के गांव के रहने वाले हरेराम यादव की पत्नी 40 वर्षीय शांति देवी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। 

 

साढ़े तीन घंटे तक जाम
उग्र ग्रामीणों ने पुरानी एनएच को मठ भवानीपुर के निकट जाम कर बांस-बल्ला लगाकर वाहनों का परिचालन साढ़े तीन घंटे तक ठप कर दिया। पुलिस पर ठोस पहल नहीं करने का आरोप लगाते हुए दरभंगा-सकरी एनएच 57 को खरुआ मोड़ के निकट भी जाम कर दिया।

खबरें और भी हैं...