पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपानीपत. कांग्रेस के विरोध के बीच सीएम मनोहर लाल खट्टर ने सोमवार को सिवाह गांव में नए बस अड्डे का शिलान्यास किया। बस अड्डे के प्रारूप में बदलाव करते हुए इसे अब एक की बजाय चार फ्लोर का बनाया जाएगा। 30 मार्च को स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की कार पर युवक ने ईंट से हमला कर दिया था, इसलिए सोमवार को सीएम के प्रोग्राम में पहले कड़ी सुरक्षा की गई थी।
सांसद : एमपी लैड में पैसा कम, प्रदेश के राजा हो मेरे गांव में कमी न रहे
- प्रोग्राम के बीच ग्रामीण विधायक महीपाल ढांडा, परिवाहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार और सिवाह गांव की पंचायत ने अपनी कई मांगें सीएम के सामने रख दीं।
- इसी बीच सांसद अश्विनी चोपड़ा ने कहा कि सीएम साहब सिवाह मेरा गोद लिया गांव है, एमपीलैड (सांसद क्षेत्रीय निधिकोष योजना) में पैसा कम होता है, प्रदेश का राजा मेरे गांव में आया है, इसलिए गांव के विकास में कोई कमी न रहने दें। पंचायत ने मुझे मांग पत्र दिया है जो मैं आपको दूंगा।
सीएम : बड़ी पंचायत सदस्य ने गांव गोद ले रखा है तो मुझे चिंता कैसी
- इस पर सीएम ने जवाब दिया कि आप तो देश की सबसे बड़ी पंचायत के सदस्य हैं और हमारी तो छोटी पंचायत है। जब बड़ी पंचायत वाले ने गांव को गोद ले लिया तो छोटी पंचायत वाले की कहां जरूरत रहती है। फिर भी जो मांगें हैं उन्हें पूरा करने के प्रयास करेंगे।
- सांसद ने कहा कि कोई हमें अलग न समझे, तीनों विधायक, मंत्री, सीएम और मैं सभी एक हैं और आगे भी एक ही रहेंगे। वहीं, परिवहन मंत्री ने कहा कि सिवाह का खेल मैदान हमने ले लिया है इसलिए रिसालू के पास परिवहन विभाग खेल स्टेडियम बनाकर देगा।
4 फ्लोर का बनेगा बस स्टैंड
- परिवहन विभाग के एसीएस आरआर जोगाल ने बताया कि 6.5 एकड़ में 17 करोड़ रुपए की लागत से बस अड्डा बनना है। लेकिन जगह कम है इसलिए इसे चार फ्लोर का बनाया जाएगा। इससे लागत भी बढ़ सकती है, जिसका जल्द रिव्यू किया जाएगा।
- बस अड्डे में 18 बे होंगे, बेसमेंट बनाने को लेकर तकनीकी स्थिति देखी जाएगी। ग्राउंड फ्लोर पर बसें खड़ी करने समेत अन्य सुविधाएं होंगी।
- पहले फ्लोर पर शॉपिंग कांप्लेक्स बनेगा दूसरे पर विभाग के कार्यालय बनाए जाएंगे और इसी तरह अन्य फ्लोर का भी अलग-अलग प्रावधान रहेगा।
सांसद से सीएम तक सब में श्रेय लेने की होड़
बस अड्डा अभी बना नहीं है लेकिन नेताओं में श्रेय लेने की होड़ शिलान्यास होते ही लग गई।
- सबसे पहले ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा ने कहा कि उनका विधानसभा क्षेत्र है और इसके लिए उन्होंने संघर्ष किया और सीएम साहब से बात की।
- परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार बोले कि मैंने अपने विभाग के अधिकारियों और जिला प्रशासन के साथ घूम घूमकर जगह तय करवाई है।
- सांसद अश्विनी चोपड़ा ने कहा कि मेरा गोद लिया गांव है और सबसे पहले मैंने आवाज उठाई थी कि बस अड्डा इसी गांव में बनना चाहिए।
- सरपंच खुशदिल कादियान ने कहा कि पंचायत ने इसके लिए जमीन उपलब्ध करवाई है आैर आखिर में सीएम बोले, मैंने तो पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि जगह तय कर लो मैं तो आधी रात को भी पत्थर रखने आ जाऊंगा।
परिवहन मंत्री के मतलौडा में बनेगा 3 बे का बस स्टैंड
- ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा ने कहा कि शहर में एक भी ऑडिटोरियम हाॅल नहीं है, इसलिए राजकीय काॅलेज में बनवाया जाए। वहीं अवैध काॅलोनियों को भी वैध किया जाना चाहिए।
- सीएम ने कहा, काॅलोनियों को वैध करने की प्रक्रिया चल रही है। उसमें पानीपत की 29 काॅलोनियों को शामिल किया गया है।
- परिवहन मंत्री ने कहा कि मतलौडा में तीन बे का बस स्टैंड चाहिए।
- सीएम ने कहा, परिवहन मंत्री के गांव में ही बस अड्डा नहीं है तो पूरे प्रदेश में कैसे होंगे। वहां के लिए जगह तलाश लो बस अड्डा बनवा देंगे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.