पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंकसमार(झारखंड). मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झामुमो एक परिवार की पार्टी बन कर रह गई है। उस पार्टी के सांसद सुनील महतो की हत्या कर दी गई। हत्यारों को पकड़ने और सजा दिलाने के लिए झामुमो नेताओं ने कभी गंभीरता नहीं दिखाई। स्व. महतो की मां जब मुझसे मिलने आई, तो मैनें एनआईए जांच की अनुशंसा की। हाल में एनआईए के डायरेक्टर रांची आए थे, उनसे भी कहा कि सुनील महतो के हत्याकांड में शामिल सभी चेहरों को बेनकाब करें। झामुमो ने अपनी पार्टी के संस्थापक स्व विनोद बिहारी महतो को भी कभी सम्मान नहीं दिया। भाजपा ने उनके नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना की। वे रविवार को गोमिया विधानसभा के खैराचातर में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
- सीएम ने कहा राज्य से 70 प्रतिशत नक्सलवाद खत्म हो चुका है। इस साल के अंत तक नक्सल समस्या को पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा। पिछले तीन सालों में सरकार ने विकास का कीर्तिमान बनाया है। केवल गोमिया विधानसभा क्षेत्र में 750 करोड़ की योजना पर काम शुरू हुआ है। 2018 तक राज्य के सभी घरों तक निर्बाध बिजली पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। इस क्षेत्र में भी बिजली की समस्या दो माह में दूर हो जाएगी। इसके लिए चंदनकियारी व जैनामोड़ में पावर ग्रिड बनाया जा रहा है।
- सीएम ने कहा कि यह चुनाव गोमिया का भविष्य तय करेगा। इसलिए सोच-समझ कर मतदान करें। सरकार की पहली प्राथमिकता जनता के जान-माल की हिफाजत है। राज्य में नक्सलियों को हमने कमजोर कर दिया है। सरकार की सरेंडर पाॅलिसी और पुलिस के जवानों के बल पर राज्य में 70 प्रतिशत नक्सली गतिविधियां खत्म हो गई हैं। उन्होंने कहा कि शांति और विकास एक-दूसरे का पूरक हैं। हम घर-घर पेयजल पहुंचाने की व्यवस्था करने की व्यवस्था में लगे हैं। खनिज संपदा की 30 प्रतिशत राॅयल्टी पेयजल पर खर्च की जा रही है।
कोई पैसा से वोट खरीदने आता है तो पैसा छीन लें : रवींद्र
- गिरिडीह सांसद रवींद्र कुमार पांडेय ने कहा कि पैसा से वोट नहीं खरीदा जा सकता। अगर कोई पैसा से वोट खरीदने आता है तो पैसा छीन लें। प्रत्याशी माधवलाल सिंह ने कहा कि 20 साल इस क्षेत्र का विधायक व दो बार मंत्री रहा, लेकिन कभी भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा। जनता की सेवा पूरे दिल से की है। उन्होंने कहा कि उन्हें मौका मिला तो गोमिया के विकास के सारे अधूरे कार्यों को पूरा करेंगे।
- सभा में खिजरी विधायक रामकुमार पाहन, पूर्व विधायक छत्रुराम महतो व अमित यादव, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल, प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष जगरनाथ राम, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रह्लाद महतो व डाॅ. प्रह्लाद वर्णवाल, जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष लक्ष्मण कुमार नायक, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गुणानंद महतो, गणेश मिश्रा, बासुदेव मिश्रा, यदुनंदन जायसवाल, संजय सिंह समेत अन्य थे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.