पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंसूरजपुर. मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह की विकास यात्रा रविवार को सूरजपुर जिले में पहुंची। उन्होंने ऊंचडीह में आयोजित आम सभा में 226 करोड़ के विभिन्न निर्माण कार्यों का शिलान्यास व भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि पत्थलगड़ी का कोई विरोध नहीं है, लेकिन संविधान के दायरे में रहकर शहीदों की याद में चिन्ह स्थापित करें। इस अभियान में सरकारी अधिकारियों को बंधक बनाना कहां तक सही है। ये बातें पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही। वहीं उन्होंने कहा कि बस्तर के दंतेवाड़ा में आज नक्सलियों ने फिर जवानों पर हमला किया है। नक्सली विकास विरोधी हैं हम नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब देंगे। सीएम ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
- डॉ सिंह ने रविवार सुबह सूरजपुर के ऊंचडीह में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में सबसे अधिक 10 हजार डबरियां और 2 हजार कुओं का निर्माण सूरजपुर जिले में कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने ओड़गी के महाविद्यालय का नामकरण पूर्व मंत्री स्व. शिव्रप्रताप सिंह और सिलफिली के महाविद्यालय का नामकरण पूर्व सांसद स्व. मुरारी लाल सिंह के नाम पर करने की घोषणा की।
- इस अवसर पर गृह जेल एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री रामसेवक पैकरा ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत गांव-गांव में पक्की सड़क बन गई है।
- राज्य सभा सांसद रामविचार नेताम ने कहा कि योजनाओं की बदौलत सरगुजा क्षेत्र का तेजी से विकास हो रहा है। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री भैयालाल राजवाड़े, मार्कफेड के अध्यक्ष राधाकृष्णन गुप्ता, पूर्व मंत्री रेणुका सिंह मौजूद थे। पूर्व विधायक श्रीमती रजनी त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
बगैर मांगे दिया जिला और ब्लॉक
- डॉ. सिंह ने कहा कि हमारी सरकार द्वारा बगैर मांगे सूरजपुर को वर्ष 2012 में न केवल जिला बनाया गया, बल्कि जिले के सभी विकासखण्डों को तहसील का दर्जा दिया गया। उन्होंने कहा कि सूरजपुर जिले की विकासगाथा का यह उदाहरण है कि आज यहां एक साथ 226 करोड़ की लागत से विभिन्न विकास और निर्माण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। उन्होंने कहा कि जिले के किसानों के बैंक खातों में 42 करोड़ रुपए धान बोनस की राशि भी एक क्लिक कर हस्तांतरित कर दी गई है।
अंबिकापुर पहुंचे राजनाथ सिंह, पासिंग आउट परेड में जाएंगे, भोज टाला
- सीआरपीएफ की पहली बस्तरिया बटालियन के पासिंग आउट परेड में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह रविवार शाम को मौसम खराब होने के बाद भी अंबिकापुर पहुंचे। पीजी काॅलेज मैदान में उनका हेलीकाॅप्टर करीब डेढ़ घंटे की देरी से हल्की बारिश के बीच उतरा। यहां भाजपा नेताओं व वरिष्ठ अधिकारियों ने अगवानी की।
- सीआरपीएफ 62वीं बटालियन द्वारा केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के अंबिकापुर प्रवास के दौरान रविवार को रखा गया बड़ा खाना का आयोजन आाखिरी क्षणों में कैंसिल हो गया। ऐसा नक्सल घटना के चलते हुआ।
- पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रात में गृहमंत्री का भोजन सीआरपीएफ के अधिकारियों व जवानों के साथ 62वीं बटालियन में रखा गया था। बटालियन का आफिस सर्किट हाउस के पीछे ही है। इसकी तैयारियां भी कर ली गई थीं लेकिन बाद में इसे रद्द कर दिया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.