पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के दौरे को लेकर छत्तीसगढ़ के सीएम डाॅ. रमन सिंह का ट्वीट सुर्खियों में है। राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ पहुंचने के ठीक बाद सीएम रमन सिंह ने ट्वीट कर उनके दौरे पर चुटकी ली है। वहीं छत्तीसगढ़ बीजेपी का भी ट्विटर हैंडल भी राहुल गांधी के दौरे ओर उनको लेकर दी गई चुनौतियों और सवालों से भरा पड़ा है। बीजेपी ने ट्वीट कर राहुल गांधी के दौरे पर कई सवाल खड़े किए हैं।
क्या लिखा सीएम रमन सिंह ने
- सीएम रमन सिंह ने अपने हैंडलर पर ट्वीट किया है कि 'विकास का पहाड़ा और सुशासन का क ख ग सीखने आये राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ में स्वागत है।' देखो छत्तीसगढ़, सीखो विकास, का भी नारा दिया गया।
बीजेपी ने भी किया ट्वीट
- वहीं बीजेपी छत्तीसगढ़ का भी ट्विटर हैंडलर राहुल गांधी के दौरे को लेकर चुटकियों से भरा पड़ा है। बीजेपी ने बाकायदा पोस्टर जारी कर कई चुनौतियां खड़ी की हैं। इसके साथ ही कहा गया है कि राहुल गांधी चुनौती स्वीकार करें।
- यह भी कहा गया है कि अगर आप चुनौती स्वीकार नहीं कर सकते तो कम से कम छत्तीसगढ़ के कांग्रेसियों को ही कम से कम अमेठी व रायबरेली घुमा दीजिए, उन्हें समझ आ जाएगा कि विकास खोजने की जरूरत कहां है।
- एक ट्वीट में कहा है कि राहुल गांधी जी समृद्ध छत्तीसगढ़ में स्वागत है,आपकी पार्टी के नेताओं को मति भ्रम हो गया है इसलिए राज्य में विकास खोज रहे हैं। छत्तीसगढ़ का विकास आपको चुनौती देता है कि आप बताएं क्या अमेठी छत्तीसगढ़ से ज्यादा विकसित है?
भाजपा ने जारी किया राहुल का कार्टून
- कर्नाटक चुनाव में मिली हार को लेकर भी बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। खासकर राहुल गांधी ही उनके निशाने पर है। छत्तीसगढ़ में उनके दो दिवसीय दौरे को देखते हुए बीजेपी ने एक कार्टून भी अपने ट्विटर हैंडलर पर जारी किया है।
- साथ ही लिखा है कि @RahulGandhi जी आपका छत्तीसगढ़ में हार्दिक स्वागत है, उम्मीद करते हैं कर्नाटक और बाकी राज्यों की तरह यहां भी आपका कारवां-ए-शिकस्त जारी रहेगा।
- प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अमर अग्रवाल ने ट्वीट किया है कि राहुल गांधी जी छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर आपका स्वागत है। आप बिलासपुर के जिस स्टेडियम में सभा को संबोधित करेंगे, वहां भी विकास की झलक देखियेगा। उनके साथ ही अन्य मंत्रियों ने भी राहुल गांधी से ट्वीट पर कहा है- देखो छत्तीसगढ़, सीखो विकास।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.