पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

इलाहाबाद दौरे पर सीएम योगी, अखाड़ा परिषद की बैठक में होंगे शामिल; कुंभ के शाही स्नान की तारीखों का होगा एलान

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

इलाहाबाद. सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार को संगम नगरी इलाहाबाद पहुंचे। सीएम योगी की अध्यक्षता में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद की संयुक्त  बैठक में कुम्भ- 2019 के शाही स्नान की तिथियों की घोषणा की गई।  पहला शाही स्नान मकर संक्रांति 15 जनवरी (मंगलवार), दूसरा शाही स्नान मौनी अमवस्या (4 फरवरी) और तीसरा बसंत पंचमी (10 फरवरी) को होगा।  इस बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ के अलावा कई मठों के संत और महंत मौजूद थे।

 

 

- इससे पहले सीएम योगी ने कुम्भ को लेकर शहर में बन रहे फ्लाईओवर और बक्शी बांध पर हो रहे निर्माण का जायजा लिया। कुम्भ मेले की समीक्षा बैठक में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या, नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह और मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी भी मौजूद थे।

 


अधिकारियों को दिया निर्देश
- सीएम योगी आदित्यनाथ ने वहां पर दारागंज बक्शी बांध पर चल रहे अर्धकुंभ के विकास कार्यों को भी देखा। इससे पहले पुलिस लाइन में हेलीपैड पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, मंत्री नंद गोपाल गुप्ता (नंदी) और अधिकारियों ने उनकी अगवानी की।  इसके साथ ही उन्होंने अफसरों को समय से गुणवत्ता के साथ काम पूरा कराने का निर्देश दिया। उनके साथ उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह भी मौजूद रहे।  बक्शी बांध से सीएम बड़े हनुमान मंदिर पहुंचे यहां पूजा अर्चना की।  

 

 

 

देर शाम वाराणसी के लिए होंगे  रवाना
- सीएम योगी समीक्षा बैठक और स्थलीय निरीक्षण के बाद वाराणसी के लिए रवाना हो गए। सीएम यहां दो दिनों तक रहेंगे।  सीएम योगी पीएम मोदी की अगले महीने प्रस्तावित यात्रा को देखते हुए तैयारियों का जायजा भी लेंगे। सीएम के दौरे को लेकर वाराणसी पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये हैं। 

 

शाही स्नान करेगा आखाड़ा परिषद
- सीएम के दौरे से पहले अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने कुम्भ मेले में शाही स्नान के बहिष्कार का अपना फैसला वापस ले लिया है। परिषद ने कहा है कि यह फैसला उसने सीएम योगी के सम्मान में लिया है। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेन्द्र गिरी का कहना है कि सीएम योगी भी एक संत हैं और कुम्भ मेले को लेकर सीएम के साथ अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद की शनिवार को बैठक भी प्रस्तावित है इसलिए बैठक से पहले 16 मार्च को लिया गया शाही स्नान के बहिष्कार का फैसला सर्व सम्मति से वापस ले लिया जाता है।
- इस बार कुम्भ मेले में 15 जनवरी को मकर संक्रान्ति, 21 जनवरी पौष पूर्णिमा, 04 फरवरी मौनी अमावस्या, 10 फरवरी बसंत पंचमी और 19 फरवरी माघ पूर्णिमा और चार मार्च को महाशिवरात्रि के स्नान पर्व के साथ मेले का समापन होगा।

 

 

खबरें और भी हैं...