- Hindi News
- National
- Ranchi News Committee Asks For Papers To Investigate Appointments Made At Rims And Calls Again On March 17
रिम्स में हुई नियुक्तियों की जांच के लिए कमेटी ने मांगे और कागजात, 17 मार्च को फिर बुलाया
रिम्स में हुई नियुक्तियों में गड़बड़ी की जांच के लिए गठित विभागीय जांच कमेटी ने अस्पताल प्रबंधन को और कागजात उपलब्ध कराने को कहा है। कमेटी की ओर से 24 फरवरी को पत्र लिखकर नियुक्तियों से संबंधित फाइल मांगी गई थी। जिसके बाद 26 फरवरी को रिम्स प्रबंधन की ओर से कागजात उपलब्ध कराए गए, लेकिन इसमें अभ्यर्थियों की जांच परीक्षा से संबंधित प्राप्तांक सहित मेधा सूची, विज्ञापन के आलोक में पदवार एवं कोटिवार नियुक्ति के लिए अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों की सूची उपलब्ध नहीं कराई गई है। जिससे जांच में कठिनाई हो रही है। कमेटी के अध्यक्ष विशेष सचिव चंद्रकिशोर उरांव की ओर से 13 मार्च को रिम्स निदेशक को लिखे पत्र में कहा गया है कि इन कागजातों के अलावा इस मामले को निष्पादित करने वाले सहायक एवं एक सक्षम पदाधिकारी को जांच में सहयोग के लिए 17 मार्च को 11 बजे स्वास्थ्य विभाग में भेजें। बताते चलें कि रिम्स में तृतीय श्रेणी के तकनीकी एवं गैर तकनीकी पदों पर नियुक्ति की गई है। इसमें अनियमितता के आरोप लगे थे। जिसकी शिकायत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी की गई। इसके बाद इस मामले की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से कमेटी बनाई गई है, जिसके अध्यक्ष विशेष सचिव हैं।