पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजालंधर. फगवाड़ा में हिंसा के दौरान युवक के घायल होने के विरोध में कंपनी बाग चौक में दलित संगठनों ने धरना दिया। इसी दौरान शास्त्री मार्केट चौक में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी संगठन के सदस्यों ने झंडा फूंका, जिस पर आरएसएस और शिवसेना लिखा हुआ था। इससे शिवसेना नेता भड़क गए और शास्त्री मार्केट चौक में शरारती तत्वों का पुतला फूंक दिया। शिव सैनिकों ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी संगठन ने हिंदू धर्म का अपमान किया है। शिव सैनिकों की शिकायत पर थाना बारादरी में गोपाल खोसला, गौरी, पम्मा, रिमी, काली समेत 30 लोगों पर केस दर्ज किया गया है।
शिव सेना नेता के बयान पर एफआईआर दर्ज
शिव सैनिकों के शास्त्री मार्केट चौक पर पहुंचने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। शिव सेना नेता संजीव पराशर के बयान पर एफआईआर दर्ज की गई है और पुलिस ने शांति बनाए रखने के लिए केस दर्ज कर लिया। शिवसेना बाल ठाकरे के जिला प्रधान रोहित जोशी ने कहा कि झंडा फूंक कर हिंदू धर्म के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी भी की गई।
कंपनी बाग चौक में पुतला फूंककर की नारेबाजी
दूसरी तरफ कंपनी बाग चौक में चंदन ग्रेवाल, अमृत खोसला, राजेश भट्टी के नेतृत्व में दलित संगठनों ने धरना दिया और मांग की कि जो लोग भेदभाव बढ़ाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। दलित संगठनों ने अत्याचारियों का पुतला फूंका। यहां सुरक्षा के मद्देनजर बीएसएफ की टुकड़ी भी तैनात रही। लांबड़ा में डीएसपी सरबजीत राए और एसएचओ पुष्प बाली ने आईटीबीपी के साथ फ्लैग मार्च निकाला। लोगों से अपील की कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें और कहीं भी कोई ऐसा करता है तो उसके खिलाफ पुलिस को सूचना दें।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.