खस्ताहाल नेशनल हाइवे को लेकर एसपी से शिकायत
नादौन|नेशनल हाइवे नादौन-हमीरपुर सहित अन्य सड़कों की हालत काफी खस्ता है। जगह-जगह गड्ढ़े पड़े हुए हैं, जिस वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। यात्री, वाहन चालक व आम जनता परेशान है, लेकिन विभाग व सरकार गहरी नींद सोई हुई है। यह बात युवा कांग्रेस के नेता मौंटी संधू ने यहां जारी प्रेस बयान में कही। उन्होंने कहा कि यदि सरकार व विभाग के पास सड़क की मरम्मत के लिए पैसा नहीं है, तो बजरी डाल कर ही लोगों को कुछ राहत पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि नेशनल हाइवे नादौन-हमीरपुर इंद्रपाल चौंक नादौन से लेकर गागल तक अति खस्ताहाल में है, सड़क गड्ढों में तबदील हो चुकी है, जिस वजह से चंद दिनों में ही चार व दो पहिए वाहनों की दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। आज भी एक स्कूटर चालक इन गड्ढों की वजह से अनियंत्रित होकर गिर गया, जिस वजह से वह घायल हो गया है। इस संदर्भ में एसपी को पत्र लिख कर आग्रह किया गया है कि आए दिन नेशनल हाइवे अथॉरिटी की वजह से हो रही दुर्घटनाओं को लेकर नेशनल हाइवे ऑथोरिटी के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्यवाही अमल में लाई जाए।