पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरायपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान कांग्रेस ने पीएम गो बैक के नारे के साथ प्रदर्शन किया। साथ ही उसने पीएम से 2014 के घोषणा पत्र और वादे पूरे किए जाने को लेकर सवाल भी पूछा है। प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल और शहर कांग्रेस अध्यक्ष विकास उपाध्याय के नेतृत्व में राजधानी रायपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोदी गो बैक के बैनर और पोस्टर के साथ कांग्रेस भवन के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कई गाड़ियों और शहर की दीवारों पर मोदी गो बैक के पोस्टर भी चिपकाए।
उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने वाली सरकार : शैलेष
संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि यह बड़ी कंप नियों और उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने वाली सरकार है। इसको गरीब आदमी आम आदमी की भलाई से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने पीएम मोदी द्वारा शुरू की गई आयुष्मान योजना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे आम आदमियों को नहीं केवल बीमा कंपनियों को लाभ मिलेगा। इससे पहले छत्तीसगढ़ में फसल बीमा योजना की घोषणा हुई थी। इसमें किसानों को प्रीमियम का पैसा तो लगा, लेकिन बीमा कंपनियां सैकड़ों हजारों करोड़ लेकर छत्तीसगढ़ से चली गईं।
कांग्रेस के सवालों में राफेल घोटाले से लेकर बलात्कारियों के बचाव तक की बात
- पूर्ण बहुमत होने के बावजूद 2014 की घोषणाओं को लागू करने कौन रोक रहा है?
- 15-15 लाख देशवासियों के खातों में कब आएगा?
- किसान को फसल के लागत मूल्य पर 50 प्रतिशत मुनाफा कब से देंगे?
- 100 स्मार्ट सिटी कब तक बनेंगी?
- विदेशों में जमा 80 लाख करोड़ रुपए का कालाधन 100 दिनों में वापस आने वाला था, उसे कब तक लेकर आएंगे?
- हजारों करोड़ रुपया बैंक घोटालों में और लाखों करोड़ रुपया वैसे ही देश के बाहर चला गया, उसके लिए कौन जिम्मेदार है, यह पैसा कब तक वापस आएगा?
- एसएससी लीक घोटाले और सीबीएसई पेपर लीक के रोकथाम के लिए क्या कदम उठाए गए?
- बगैर सुरक्षा नियमों और बगैर डिफेंस प्रिक्योरमेंट प्रोसिजर का पालन किए हजारों करोड़ के राफेल जहाज क्यों खरीदे गए?
- पाकिस्तान को 56 इंच का सीना कब दिखाएंगे?
- चीन से लाल आंख दिखाकर कब बात करेंगे?
- बताएं पूरे देश में अनुसूचित जाति आंदोलित है या नहीं?
- किसान अपनी उपज की सही कीमत में खरीद के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहा है या नहीं?
- स्टॉफ सलेक्शन कमीशन का पेपर लाखों रुपए में बिक रहा है या नहीं?
- सीबीएसई पेपर लीक की वजह से देश के छात्रों के भविष्य पर ग्रहण लगा है या नहीं?
- नौजवान बेरोजगारी की ठोकरें खा रहा है या नहीं?
- क्या गब्बर सिंह टैक्स की वजह से छोटे लघु उद्योग, छोटा उद्यमी और दुकानदार आज कंगाली के द्वार पर खड़ा है या नहीं?
- नोटबंदी, जीएसटी और गलत आर्थिक नीतियों के परिणाम स्वरूप नौकरियां कम हुईं कि नहीं?
- देश का आम जनमानस उत्पीड़ित और आंदोलित है या नहीं?
- सरकार अपनी जिम्मेदारी छोड़ उपवास पर बैठ गई है तो सरकार कौन चलाएगा?
- केंद्र में मोदी की सरकार बनते ही एनआईए की जांच की दिशा क्यों बदल गई?
- षडयंत्रकारियों को गिरफ्तार करना तो दूर उनको छूने की कोशिशें क्यों बंद हो गई?
- झीरम के गुनहगार आत्मसमर्पित नक्सलियों की बारात में पुलिस के अफसर क्यों नाचते नजर आए?
- मीना खलको, मड़कम हिड़में, सारकेगुड़ा, पेद्दागेलूर के मामलों में पुलिस खामोश क्यों है?
- संविधान के मूल स्वरूप से क्यों छेड़छाड़ की जा रही है?
- सुप्रीम कोर्ट के फैसले के नाम पर एससी/ एसटी समाज के कमजोर वर्गों को असुरक्षित बनाने की साजिश क्यों रची जा रही है?
- महिलाओं और बच्चों के खिलाफ हिंसा क्यों बढ़ रही है?
- सरकारें बलात्कारियों और हत्यारों को बचाने में क्यों लगी हुई है?
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.