पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

राहुल गांधी पहुंचे कार्यक्रम स्थल पर, 24 विधान सभा के कार्यकर्ताओं से कर रहे मुलाकात

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रायपुर। कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी के रोड-शो के बहाने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने इस मेगा रोड-शो के बहाने एकजुटता दिखाने की कोशिश की। कांग्रेस अध्यक्ष ने इस दौरान बस से उतरकर कई बार सुरक्षा घेरा तोड़ा और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का लगभग 100 से ज्यादा स्थानों पर स्वागत किया गया। रोड-शो के दौरान मोतीलाल वोरा, पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी पीएल  पुनिया, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष चरणदास महंत, नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव, समेत कई बड़े नेता मौजूद थे। रोड-शो में 500 से ज्यादा वाहनों का काफिला था। रायपुर में शो के दौरान वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा के घर भी गए। यहां से वे एयरपोर्ट पहुंचे। 


गुरुवार को रायपुर, सीतापुर, कोटमी की सभाओं के बाद शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी बिलासपुर के बूथ लेवल के प्रशिक्षित कार्यकर्ताआें से सीधा संवाद करने पहुंचे। यहां बहतराई स्टेडियम में पहुंचने के बाद उन्होंने 24 विधानसभाओं के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। एक कार्यकर्ता के सवाल का जवाब देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 15 अगस्त तक 90 फीसदी सीटों के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। माइक डिस्टर्ब होने से संवाद  में बाधा पहुंची और कई सवाल राहुल गांधी तक पहुंच नहीं पाए। यहां तक कि कुछ सवालों के जवाब भी कार्यकर्ताओं तक ठीक से पहुंच नहीं पाए। 

 

- राहुल गांधी ने कहा कि कार्यकर्ता ही हर मोर्चे पर डंटा रहता है। बीजेपी जैसी पार्टी के खिलाफ खड़ा होकर लाठी भी खाता है। पार्टी में कार्यकर्ताओं का सम्मान होना चाहिए। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार आने के बाद यदि कार्यकर्ताओं की नहीं सुनी गई तो सीएम ही बदल दिया जाएगा। 

 

एक रिटायर्ड जवान ने कहा- आप पार्टी मजबूत कीजिए 

- बिलासपुर के बाद राहुल गांधी शाम करीब 3 बजे दुर्ग पहुंचे। यहां पंडित रविशंकर स्टेडियम में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लिया। यहां दुर्ग संभाग के 5 जिलों के 20 विधान सभा के करीब 10 हजार कार्यकर्ता जुटे थे। इस दौरान आर्मी के एक रिटायर्ड जवान ने कहा कि बीजेपी के राज में आए दिन जवान शहीद हो रहे हैं। कांग्रेस में ऐसा नहीं था। उसने राहुल गांधी से कहा कि आप पार्टी मजबूत करिए। राहुल गांधी से अपील की गई कि पेट्रोल और डीजल के भाव बढ़ने पर कांग्रेस को भी राष्ट्रव्यापी आंदोलन करना चाहिए। जब कांग्रेस की सरकार थी तो बीजेपी भी ऐसा करती थी।

- राहुल गांधी से कार्यकर्ताओं ने अपील करते हुए कहा कि प्रत्याशी पैराशूट नहीं होना चाहिए। यानी जिस क्षेत्र में प्रत्याशी को टिकट मिले वो वहीं से ताल्लुक रखने वाला हो। कार्यकर्ताओं ने माना कि कांग्रेस में बीजेपी की तरह चुनाव मैनेजमेंट नहीं हो पा रहा है। इस कमी को भी पूरा करना है। 

 

महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रोड शो की शुरुआत की

- पटेल चौक पहुंचकर राहुल गांधी ने बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उसके बाद ओपन बस में खड़े होकर रोड शो के लिए निकल पड़े। रोड शो एसपीजी की सुरक्षा घेरे में चल रही है। 50 किमी के इस रोड शो में कई स्थानों पर राहुल गांधी का स्वागत किया जाएगा। रोड शो रायपुर में आकर खत्म होगा। 

 

मौकापरस्त नेता नहीं चाहिए

- शुक्रवार को बिलासपुर में प्रेस वार्ता के दौरान राहुल गांधी ने पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मौकापरस्त नेता नहीं चाहिए। उन्होंने साफ किया कि जोगी खुद पार्टी छोड़ कर गए हैं। लड़ाई के समय पार्टी छोड़ने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। रेणु जोगी के सवाल पर उन्होंने कहा कि  उनको नहीं हटाना हमारी मानवीयता है। 

 

वनवास खत्म करने में जुटी है कांग्रेस 

- छत्तीसगढ़ में आगामी चुनाव को देखते हुए एक ओर बीजेपी ने विकास यात्रा के जरिए लोगों को तमाम सौगातें देकर लुभाने की कोशिश कर रही है वहीं कांग्रेस विकास खोजो यात्रा के जरिए बीजेपी के दावों की पोल खोलने में लगी है। छत्तीसगढ में 15 साल के वनवास को खत्म करने के लिए कांग्रेस जी जान से जुड़ी है। इसी कड़ी में कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी भी दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आए हैं। उन्होंने यहां चुनावी ढोल बजाकर अपने प्रचार का शंखनाद कर दिया है। 

 

कंटेंट : कौशल स्वर्णबेर/ सुनील कुमार शर्मा/अतुल अग्रवाल

 

फोटो : भूपेश केसरवानी/प्रवीण देवांगन 

खबरें और भी हैं...