पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांघी गुरुवार को दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। भाजपा के चुनावी शंखनाद के बाद राहुल गांधी के इस दौरे को भी कांग्रेस के चुनाव अभियान की शुरुआत कहा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री रमनसिंह ने 12 मई से विकास दंतेवाड़ा से विकास यात्रा शुरू की थी। इसी दिन से कांग्रेस ने यहां विकास खोजो यात्रा शुरू की थी। कांग्रेस अध्यक्ष के दौरे के मद्देनजर कांग्रेस ने बड़े स्तर की तैयारी की है। पूरे प्रदेश के पदाधिकारियों को राहुल से रूबरू कराने बुलाया गया है। तीन जिलों में राहुल गांधी के कार्यक्रम रखे गई हैं। 18 मई को रायपुर में राहुल गांधी मेगा रोड शो होगा। राहुल गांधी का ये दौरा छत्तीसगढ़ की 90 सीटों में से 25 सीटों को कवर करेगा।
राहुल गांधी का ऐसा रहेगा शेड्यूल
- राहुल गांधी 17 मई की सुबह 9:00 बजे नियमित विमान से रायपुर आएंगे। रायपुर आने के बाद वे सीधे इंडोर स्टेडियम में राजीव गांधी पंचायती राज के क्षेत्रीय सम्मेलन में शामिल होने के बाद वहां से हेलीकॉप्टर से 12.30 बजे सरगुजा जिले के सीतापुर में किसान आदिवासी सम्मेलन में भाग लेंगे।
- वे दोपहर 2:00 बजे पेण्ड्रा के कोटमी में वन सत्याग्रह सम्मेलन में भाग लेंगे। 18 मई को वे सुबह 11 बजे बिलासपुर में बिलासपुर संभाग के कांग्रेस के बूथ लेवल के प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में शामिल होने के बाद दोपहर 1:00 बजे दुर्ग में दुर्ग संभाग के बूथ लेवल के प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में शामिल होंगे।
- 18 मई को वे 3:00 बजे दुर्ग से माना विमानतल रायपुर में रोड शो में शामिल होंगे। ये रोड शो करीब 50 किलोमीटर का होगा।
- कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया, छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिवद्वय डाॅ. चंदन यादव और अरूण उरांव के साथ-साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्व केन्द्रीय मंत्री जयराम रमेश, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संचार विभाग के अध्यक्ष रणदीप सिंह सुरजेवाला, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुष्मिता देव एवं राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के हर्षवर्धन सकपाल शामिल होंगे।
विकास खोजो यात्रा में हर रोज चल रहे 100 किमी
- सीएम रमन सिंह की विकास यात्रा के दौरान कांग्रेस विकास खोजो यात्रा चला रही है। कांग्रेस उन इलाकों में भी अपने लिए जमीन तलाश रही है जहां बीजेपी की विकास यात्रा पहुंच रही है। कई विधानसभाओं में कांग्रेस पार्टी के ही विधायक हैं। ऐसे में कांग्रेस उन इलाकों में अपनी पकड़ को यथावत बनाए रखने और लोगों को डायवर्ट होने से रोकने के लिए हर कोशिश कर रही है।
- सीएम के कांकेर दौरे तक की यात्रा को कांग्रेस ने 15 मई तक बस से फॉलो किया। इस दौरान ये दंतेवाड़ा से जगदलपुर के बीच केशलूर, बास्तानार का दौरा किया। इसके अलावा कोंडागांव, कांकेर, बनियागांव, नारायणपुर, बालेंगा, सोनारपाल और आतुर गांव में जाकर लोगों की समस्याओं को जाना।
- कांग्रेस ने पाया कि यहां बिजली और पानी की भारी किल्लत है। बिजली अक्सर 3-3 दिनों तक नहीं आती और पानी सप्लाई भी ठप हो जाता है। लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। खासतौर पर बस्तर संभाग की हालत बिजली और पानी के मामले में काफी खराब है।
- विकास खोजो यात्रा के दौरान कांग्रेस उन स्थानों की हकीकत का वीडियो भी बना रही है जहां सीएम का दावा है कि विकास पहुंच चुका है। कांग्रेस पार्टी के नेता और विधायक बस में बैठकर ये यात्रा कर रहे हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.