पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंइंदौर। इस साल के अंत में होने वाले मप्र विधानसभा के लिए नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों मे टिकट की दावेदारी प्रारंभ कर दी है, इसके लिए नेताओं द्वारा धर्म-कर्म का सहारा भी लिया जा रहा है। इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-1 में कांग्रेसी नेताओं द्वारा बड़े स्तर पर भागवत कथा का आयोजन 17 अप्रैल से किया जाने वाला है। भागवत कथा के माध्यम से कांग्रेसी क्षेत्र में अपनी ताकत दिखाने का प्रयास करेंगे। आयोजन में दिल्ली से लेकर भोपाल तक के सभी वरिष्ठ कांग्रेस नेता आ रहे हैं।
- विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-1 के बाणगंगा क्षेत्र में 17 अप्रैल से 7 दिवसीय भागवत कथा का आयोजना कांग्रेसी नेता संजय शुक्ला द्वारा किया जा रहा है। शुक्ला खुद इस विधानसभा क्षेत्र से टिकट के दावेदार है। कांग्रेस के बड़े नेताओं के समक्ष शक्ति प्रदर्शन के लिए उन्होंने भागवत कथा का सहारा लिया है।
दिग्विजय, सिंधिया, कमलानाथ आदि होंगे शामिल
आयोजन में भाग लेने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मध्य प्रदेश के प्रभारी दीपक बावरिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ, सुरेश पचौरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण यादव और सांसद विवेक तंखा ने आने की अनुमति दे दी है।
कांग्रेस के दावेदारों की लंबी है सूची
इंदौर विधानसभा-1 के लिए कांग्रसे का टिकट चाहने वाले दावेदारों की सूची लंबी है। यहां से संजय शुक्ला के अलावा दीपू यादव, गोलू अग्निहोत्री, अनुरोध जैन के साथ ही पार्टी से बगावत कर चुके कमलेश खंडेलवाल दावेदारी जता रहे है। हालांकि इन सभी दावेदारों के लिए चुनाव की डगर काफी कठिन है। यहां से वर्तमान भाजपा विधायक सुदर्शन गुप्ता कांग्रेस के संजय शुक्ला और दीपू यादव को एक-एक बार विधानसभा चुनाव में पटखनी दे चुके है। वहीं अनुरोध जैन अपने पिता पूर्व मंत्री ललीत जैन की विरासत को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे है।
80000 साड़ियां बांटी
भागवत कथा का निमंत्रण देने के लिए कांग्रेसी कार्यकर्ता विधानसभा के हर वार्ड में घर घर जाकर निमंत्रण दे रहे है। निमंत्रण के साथ ही क्षेत्र में 80 हजार साड़ियों का वितरण कांग्रेसियों द्वारा किया गया है।
एेसी है कथा की तैयारी
- 17 अप्रैल को सुबह 10 बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा बानेश्वर कुंड से प्रारंभ होकर मरीमाता चौराहा, महेश गार्ड लाइन, वृंदावन कॉलोनी होते हुए कथा स्थल पर समाप्त होगी।
- इस यात्रा के 5 किलोमीटर लंबे मार्ग पर कारपेट बिछाए जाएंगे ताकि यात्रा में भाग लेने वाले नागरिकों के पैर गर्मी के कारण ना जले। इस कारपेट के ऊपर फूलों की पंखुड़ियां भी बिछाई जाएगी।
- यात्रा में 40 हजार महिलाएं अपने मस्तक पर कलश धारण कर चलेंगी। पूरे यात्रा मार्ग पर ठंडे पानी, कोल्ड ड्रिंक्स और ठंडाई की व्यवस्था रहेगी। वहीं आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए पोहे और छाछ की व्यवस्था भी रहेगी।
- कथा के लिए 1 लाख वर्ग फुट क्षेत्र का बड़ा पंडाल बनाया जा रहा है। इस पंडाल में पंखों के साथ ही पानी के फुहारे की मिस्ट लगी होगी जो कि पूरे पांडाल को ठंडा रखेगी।
- कथा के पश्चात प्रतिदिन बफेट सिस्टम के माध्यम से भोजन प्रसादी की व्यवस्था रहेगी। इसके लिए 52 काउंटर तैयार किए जा रहे है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.